पीएम मोदी UAE की यात्रा पूरी करने के बाद नीदरलैंड के लिए रवाना, X पर कही ये बात; पढ़ें हर अपडेट
PM Modi UAE Visit Live: पीएम मोदी की 5 देशों की यात्रा की आज से शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री सबसे पहले अबुधाबी पहुंचे। यहां वह UAE के राष्ट्रपति नाहयान से मिले। यहां भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम समझौते की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कारोबार, निवेश और आपसी संबंध को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।

PM Modi UAE Visit Live: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पांच देशों का दौरा आज से शुरू हो गया है। पीएम मोदी के दौरे की शुरुआत UAE से हो गई है। इसके बाद पीएम नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह साढ़े आठ बजे UAE के लिए रवाना हुए और अब वह यूएई पहुंच गए हैं। आबू धाबी में पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल-नाहयान से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों देशों के बीच लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस। LPG और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़े दो अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। UAE ने तेल उत्पादक देशों के समूह OPEC से बाहर निकलने का फैसला किया है। ऐसे में दोनों देशों की साझीदारी अहम हो सकती है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पीएम की इस यात्रा का फोकस एनर्जी है। पीएम मोदी के UAE दौरे पर दोनों देशों के बीच बड़ी डील हो सकती है। जिसमें खास तौर पर ऊर्जा सहयोग के दुनिया के हालात पर भी बात होगी। ईरान जंग की वजह से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। ऐसे में भारत अपनी तेल और गैस की जरूरतों के लिए यूएई के साथ लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस। LPG और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार को लेकर दो बड़े समझौतों पर मुहर लगा सकता है।
पीएम मोदी का UAE दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब देश में तेल बचाने की मुहिम चल रही है। रूस से तेल खरीदने की अमेरिकी छूट भी खत्म होने जा रही है। ये छूट 16 मई तक के लिए दी गई है। अगर अमेरिका इस छूट को आगे नहीं बढ़ाता है, तो भारत को रूस से कच्चे तेल के आयात को कम करना पड़ सकता है। इस बीच भारत ने अमेरिका से रूसी तेल पर दी गई छूट बढ़ाने की अपील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नई दिल्ली ने वॉशिंगटन से कहा है कि मौजूदा हालात में एनर्जी सप्लाई बनाए रखना बहुत जरूरी है। अगर तेल के बाज़ार में हालात यूं ही बने रहे तो इसका असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। विदेश मंत्रालय ने इन रिपोर्ट्स पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट की भी कोई प्रतिक्रिया इस पर नहीं आई है। ऐसे में पीएम मोदी का UAE दौरा काफी अहम माना जा रहा है। आइए जानते हैं इस दौरे से जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...
Live updates : PM Modi 5 Nation Visit:
-
May 15, 2026 8:28 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
राजदूत कुमार तुहिन ने ने बताया क्यों अहम है पीएम मोदी नीदरलैंड्स का दौरा
नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत कुमार तुहिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नीदरलैंड्स का दौरा कई वजहों से अहम है। सबसे पहले, यह दौरा नौ साल के अंतराल के बाद हो रहा है और यह उनका दूसरा दौरा है... दोनों देशों के बीच रिश्ते एक शानदार, सकारात्मक और ऊपर की ओर जाने वाले रास्ते पर आगे बढ़े हैं। साथ ही, EU के साथ हमारे रिश्तों में भी काफी तेज़ी देखने को मिल रही है, खासकर भारत-EU FTA के संदर्भ में। दूसरी बात, यह दौरा नीदरलैंड्स की नई सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में ही हो रहा है। इसलिए, यह दोनों नेताओं को एक साथ बैठने, आपसी तालमेल बनाने, हुई प्रगति की समीक्षा करने और फिर दोनों पक्षों को हमारे रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए दिशा-निर्देश देने का मौका देगा। यह नीदरलैंड्स के साथ द्विपक्षीय रिश्तों के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता को सर्वोच्च स्तर पर फिर से दोहराने का, और साथ ही दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए नए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को तय करने का एक मौका है।"
-
May 15, 2026 6:57 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
PM मोदी का दौरा UAE के साथ हमारे रिश्तों में ऐतिहासिक दौरा थाः राजदूत
UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने कहा, "PM मोदी का यह दौरा UAE के साथ हमारे रिश्तों में एक और ऐतिहासिक दौरा था... दोनों नेताओं के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर दिल खोलकर बातचीत हुई... दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा में ऊर्जा एक अहम और मुख्य हिस्सा थी। आज उन्होंने रणनीतिक फैसले लिए।
-
May 15, 2026 4:31 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
पीएम मोदी UAE की यात्रा पूरी करने के बाद अबू धाबी से रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UAE की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद अबू धाबी से रवाना हो गए। PM मोदी ने ट्वीट किया, "मैंने अपने भाई, महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। मुझे विश्वास है कि इस यात्रा के परिणाम हमारी दोस्ती को और मज़बूत करेंगे और विकास तथा समृद्धि में योगदान देंगे।"
-
May 15, 2026 3:38 PM (IST) Posted by Mangala Yadav
भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए UAE का पीएम मोदी ने आभार जताया
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर कहा कि "मेरे भाई, महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने UAE पर हुए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा दोहराई। साथ ही, मैंने अपने भाई के नेतृत्व, साहस और समझदारी की भी सराहना की, जो इस पूरे दौर में साफ तौर पर दिखाई दी है। UAE में रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रति उनकी देखभाल और चिंता के लिए मैंने उनका आभार व्यक्त किया।"
-
May 15, 2026 2:20 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
हम हर क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ेंगे- पीएम मोदी
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं आपको हार्दिक धन्यवाद देता हूं। जनवरी में आपकी भारत यात्रा के दौरान, हमने अपने संबंधों को अपग्रेड करने पर सहमति व्यक्त की थी। इतने कम समय में भी, हमने सभी मामलों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। आज की स्थिति में, भारत-यूएई रणनीतिक सहयोग का महत्व बहुत बढ़ गया है। आने वाले समय में, हम हर क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ेंगे।"
-
May 15, 2026 1:50 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
भारत हर परिस्थिति में UAE के साथ- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा- "भारत हर परिस्थिति में UAE के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा। जल्द से जल्द शांति और स्थिरता की बहाली के लिए भारत हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। हम आने वाले समय में हर क्षेत्र में साथ मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे।"
-
May 15, 2026 1:49 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
हम UAE पर हुए हमलों की कठोर निंदा करते हैं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा- "UAE पर हुए हमलों की हम कठोर निंदा करते हैं। UAE को जिस तरह से निशाना बनाया गया, यह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। इन कठिन परिस्थितियों में आपने जिस संयम, साहस का परिचय दिखाया है, यह बहुत ही सराहनीय है...पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध की परिस्थिति का प्रभाव आज पूरे विश्व पर दिखाई दे रहा है। भारत ने हमेशा समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता दी है।"
-
May 15, 2026 1:21 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
मैं यूएई के राष्ट्रपति से मिलने के लिए उत्सुक था- पीएम मोदी
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं आपसे फोन पर बात करता रहता था, लेकिन मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए बहुत उत्सुक था..."
-
May 15, 2026 1:20 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की उपस्थिति में भारत और यूएई ने समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया।
-
May 15, 2026 1:19 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी ने जताया यूएई के राष्ट्रपति का आभार
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपने पिछले कुछ दिनों में (भारत में) प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं।"
-
May 15, 2026 1:17 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी अपने दूसरे घर में आए हैं- यूएई के राष्ट्रपति
अबू धाबी, यूएई: यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आपके हार्दिक स्वागत के लिए मैं आपका तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जैसा कि आपने कहा - मैं अपने दूसरे घर में आया हूं। यह भावना मेरे जीवन में बहुत महत्व रखती है। आज आपके वायुसेना के जेट विमानों ने मुझे सुरक्षा प्रदान की। यह भारत की जनता के लिए सम्मान की बात है।"
-
May 15, 2026 1:11 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी ने जताया यूएई का आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई में कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान कहा कि वह UAE पर हमलों की निंदा करते हैं। प्रधानमंत्री ने कठिन समय में भारतीय समुदाय की चिंता करने के लिए UAE का आभार व्यक्त किया।
-
May 15, 2026 12:56 PM (IST) Posted by Amar Deep
पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में लैंडिंग के बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में यूएई पहुंचे हैं।
-
May 15, 2026 12:51 PM (IST) Posted by Amar Deep
UAE पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के पहले चरण के लिए संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी पहुंच गए हैं। यहां प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग, साथ ही पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
-
May 15, 2026 12:27 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
थोड़ी देर से UAE पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से थोड़ी ही देर बाद यूएई पहुंचेंगे और यहां अबु धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात करेंगे और उनसे अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
-
May 15, 2026 11:23 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
इटली यात्रा का मुख्य उद्देश्य
पीएम मोदी की इटली यात्रा का मुख्य उद्देश्य निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवोन्मेष और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करना है।
-
May 15, 2026 11:23 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
19 से 20 मई तक इटली की यात्रा
अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर 19 से 20 मई तक इटली की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे मोदी ने आखिरी बार जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की यात्रा की थी।
-
May 15, 2026 10:42 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
18 से 19 मई तक नॉर्वे की यात्रा
अपनी यात्रा के चौथे चरण में, पीएम मोदी 18 से 19 मई तक नॉर्वे की यात्रा करेंगे। यहां पीएम मोदी तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
-
May 15, 2026 10:31 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
स्वीडन की यात्रा पर भी जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 से 18 मई तक स्वीडन की यात्रा पर रहेंगे। बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने साल 2018 में भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन के लिए स्वीडन की यात्रा की थी। वह प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर स्वीडन जा रहे हैं।
-
May 15, 2026 10:24 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार
आपको बता दें कि यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। यह पिछले 25 वर्षों में कुल मिलाकर निवेश का 7वां सबसे बड़ा स्रोत है।
-
May 15, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
यूएई में चार घंटे बिताएंगे पीएम मोदी
आपको बता दें कि पीएम मोदी की यूएई यात्रा का मुख्य मकसद भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री यूरोप के चार देशों के पांच-दिवसीय दौरे पर जाने से पहले यूएई में करीब चार घंटे बिताएंगे।
-
May 15, 2026 10:05 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
एलपीजी और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार पर हो सकता है समझौता
प्रधानमंत्री मोदी की15 मई को खाड़ी देश यूएई की यात्रा के दौरान भारत और UAE एलपीजी और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौतों को अंतिम रूप दे सकते हैं।
-
May 15, 2026 9:28 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की होगी कोशिश
पीएम मोदी इस यात्रा के जरिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, खासकर खाड़ी देशों से तेल और गैस आपूर्ति को स्थिर रखने की कोशिश करेंगे।
-
May 15, 2026 9:27 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
काफी अहम है पीएम मोदी का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन 5 देशों का दौरा ऐसे वक्त में कर रहे हैं जब दुनिया ऊर्जा संकट, भू-राजनीतिक तनाव और तकनीकी प्रतिस्पर्धा से गुजर रही है।
-
May 15, 2026 9:12 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
यूएई के बाद नीदरलैंड जाएंगे पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी UAE के बाद 15 से 17 मई तक नीदरलैंड के दौरे पर रहेंगे। साल 2017 के बाद ये पीएम मोदी का नीदरलैंड का दूसरा दौरा होगा।
-
May 15, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
यूएई के राष्ट्रपति से मिलेंगे पीएम मोदी
अपनी यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री मोदी आज यूएई पहुंचेंगे। यहां पीएम मोदी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग, साथ ही पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
-
May 15, 2026 9:02 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी विदेश यात्रा पर रवाना हुए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी दिल्ली से रवाना हो गए हैं और संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों की यात्रा पर निकल गए हैं।