1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ‘मेरे दोस्त, भाई और मार्गदर्शक’...पीएम मोदी के लिए भूटान के प्रधानमंत्री ने लिखी भावुक चिट्ठी

‘मेरे दोस्त, भाई और मार्गदर्शक’...पीएम मोदी के लिए भूटान के प्रधानमंत्री ने लिखी भावुक चिट्ठी

भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के लगातार 12 वर्ष पूरे होने पर भावुक पत्र लिखा। उन्होंने मोदी को अपना ‘दोस्त, भाई और मार्गदर्शक’ बताते हुए भारत-भूटान संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

Narendra Modi, Bhutan PM Tshering Tobgay, PM Modi 12 years, India Bhutan relations- India TV Hindi
Image Source : ANI भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे और पीएम नरेंद्र मोदी।

थिम्पू: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। इसी क्रम में भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे ने एक भावुक पत्र लिखकर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपना 'दोस्त, भाई और मार्गदर्शक' बताया। टोबगे ने X पर साझा किए गए अपने पत्र में कहा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक महत्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में भारत ने परिवर्तन और विकास के एक नए दौर का अनुभव किया है।

'मोदी से 2014 में हुई थी पहली मुलाकात'

त्शेरिंग टोबगे ने बताया कि उनकी प्रधानमंत्री मोदी से पहली मुलाकात 2014 में हुई थी। तब से दोनों नेताओं के बीच लगातार बातचीत और सहयोग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज और लोगों के लिए नए अवसरों पर भी चर्चा होती रही है। अपनी चिट्ठी में उन्होंने लिखा कि सच्ची दोस्ती विश्वास, सम्मान और आपसी समझ पर आधारित होती है। यही गुण उनके और प्रधानमंत्री मोदी के संबंधों की पहचान हैं और यही भारत-भूटान की मजबूत एवं स्थायी साझेदारी की नींव भी हैं।

'भूटान का सबसे करीबी मित्र है भारत'

टोबगे ने कहा कि उनके देश के लोग हमेशा भारत को अपना सबसे करीबी मित्र और सबसे भरोसेमंद साझेदार मानते आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह दोस्ती और ज्यादा मजबूत हुई है। दोनों देशों ने शांति, समृद्धि और लोगों के कल्याण के साझा लक्ष्य के साथ मिलकर आगे बढ़ने का काम किया है। टोबगे ने पीएम मोदी को प्यार से 'बराई भाई' (बड़े भाई) कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि मोदी ने हमेशा धैर्यपूर्वक उनकी बात सुनी, अपने विचार साझा किए और भूटान के विकास तथा भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करने में लगातार सहयोग दिया।

पीएम मोदी के नेतृत्व को टोबगे ने सराहा

टोबगे ने भारत की विकास यात्रा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, हर विषय पर बारीकी से ध्यान देने की आदत और परिणाम हासिल करने की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें हमेशा प्रेरित करती है। टोबगे ने कहा कि जब नेतृत्व स्पष्ट उद्देश्य और दृढ़ विश्वास के साथ आगे बढ़ता है तो असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी आर्थिक ताकत को बढ़ाया है, तकनीकी नवाचार को अपनाया है, बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है और वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति को और सशक्त बनाया है।

पीएम मोदी ने बनाया है एक नया रिकॉर्ड

बता दें कि PM मोदी ने बुधवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 12 वर्ष पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे किए। इससे पहले देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 1947 में पद संभाला था और 1951-52 के पहले आम चुनाव में जीत के बाद 1964 में अपने निधन तक पद पर बने रहे। वहीं भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लगभग 16 वर्षों तक प्रधानमंत्री पद संभाला, लेकिन उनका कार्यकाल 2 अलग-अलग चरणों में रहा था।

Latest World News