नेपाल आपदा में 781 लोगों की मौत, मुर्दाघरों में जगह नहीं, कुल 8,730 लोग रेस्क्यू हुए, 2502 अभी भी लापता
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। अभी भी राहत और बचाव अभियान जारी है। 700 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। हजारों लोग अभी भी लापता हैं।

नेपाल में बाढ़ के कारण आई आपदा में 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी अलग-अलग जगहों पर राहत और बचाव टीमें अभियान चला रही हैं। हजारों लोग लापता हैं। इस बीच यहां दूसरी बार भयंकर बाढ़ की चेतावनी दी गई है। तिब्बत के पहाड़ों में बर्फ का टुकड़ा टूटने से तबाही आई थी। पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा और बड़ी चट्टानें बहकर आई थीं, जिससे जमकर तबाही हुई। अब दोबारा तिब्बत में ऐसे हालात बने हैं, जिसके कारण फिर से भारी मात्रा में पानी और मलबा निचले इलाकों में आ सकता है और इसके रास्ते में आने वाली हर चीज तबाह हो जाती है।
नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने लोगों को अलर्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "रासुवा डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिस को जानकारी मिली है कि भोटे कोशी नदी में बाढ़ का बहाव तेज होने की आवाज सुनी गई है। इसलिए, हम नदी के आस-पास के इलाकों में रासुवा, नुवाकोट और धाडिंग तक सावधानी बरतने की रिक्वेस्ट करते हैं। जैसे ही और जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देंगे।"
275 से ज्यादा भारतीय लापता
विदेश मंत्रालय के अनुसार इस भयानक बाढ़ के बाद 275 से ज्यादा भारतीय लापता हैं। वहीं, 108 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। भारतीय मूल के 128 लोग भी लापता हैं। पिछले दो दिनों में 598 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित रूप से नेपाल पार कर चुके हैं, जबकि लगभग 900 भारतीय अभी भी चीन में हैं, लेकिन वे सुरक्षित हैं और उनसे संपर्क किया जा सकता है। चार भारतीय नागरिक (रिपु कुमार, चनेश्वर नरजरी, कृपा शंकर और मोहम्मद मिन्हाजुद्दीन) को रासुवा में एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से बचाया गया, और उनके जल्द ही काठमांडू पहुंचने की उम्मीद है। रासुवा उन इलाकों में से एक था जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
भारत ने मदद सामग्री के साथ चौथा प्लेन भेजा
भारत ने शनिवार को इंडियन एयर फोर्स के C-130J मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ़्ट से 11 टन राहत सामग्री की चौथी खेप नेपाल भेजी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि एयरक्राफ़्ट में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए इक्विपमेंट के साथ एक टेक्निकल टीम भी थी, साथ ही DNA एनालिसिस के लिए फ़ोरेंसिक एक्सपर्ट्स की एक टीम और फ़ोरेंसिक इक्विपमेंट भी थे। फ़ोरेंसिक टीम बाढ़ में मारे गए लोगों के शवों की पहचान करने में नेपाली अधिकारियों की मदद करेगी। इसके अलावा, 230 फुट के 'सिंगल लेन मॉड्यूलर स्टील ब्रिज' के लिए इक्विपमेंट ले जाने वाले 16 ट्रक नेपाल पहुंच गए हैं। सात और बेली ब्रिज लगाने के लिए इक्विपमेंट जल्द ही सप्लाई किए जाएंगे। उन्हें लगाने के लिए टेक्निकल टीमों के जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है। भारत ने अब तक नेपाल को कुल 68.5 टन राहत सामग्री भेजी है।
Live updates : Nepal Floods
-
August 30, 2026 11:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
कुशीनगर में गंडक नदी से 4 और शव मिले
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पड़ोसी देश नेपाल में आई भयानक बाढ़ के कारण बहकर भारतीय इलाके में आए चार और शव उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गंडक नदी से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों में जिले में कुल 13 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से चार शव अकेले रविवार को मिले।
-
August 30, 2026 9:13 PM (IST) Posted by Amar Deep
भारत की फ़ोरेंसिक टीमों ने नेपाली विशेषज्ञों से की मुलाकात
भारत की फ़ोरेंसिक टीमों ने नेपाल पुलिस सेंट्रल फ़ोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में नेपाली विशेषज्ञों से मुलाक़ात की है। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने ट्वीट में कहा, "भारत की फ़ोरेंसिक टीमों ने नेपाल पुलिस सेंट्रल फ़ोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में नेपाली विशेषज्ञों से मुलाक़ात की। यह मुलाक़ात विनाशकारी रासुवा फ़्लैश फ़्लड (अचानक आई बाढ़) में जान गंवाने वाले लोगों के DNA सैंपल के विश्लेषण के अहम काम के लिए हुई। नेपाल में राहत कार्यों के लिए भारत का सहयोग जारी है।"
-
August 30, 2026 8:09 PM (IST) Posted by Amar Deep
भारत की टनल रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोपावर टनल साइट्स पर शुरू किया रेस्क्यू
भारत की एक खास टनल रेस्क्यू टीम ने नेपाली सेना के साथ मिलकर अहम हाइड्रोपावर टनल साइट्स पर जॉइंट सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। नेपाल में भारतीय दूतावास के आधिकारिक X अकाउंट से ट्वीट में बताया गया, "भारत की टनल रेस्क्यू टीम ने आज चिलिमे और लांगटांग इलाके में हाइड्रोपावर टनल साइट्स पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए नेपाली सेना की टीम के साथ काम किया। यह टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखेगी।"
-
August 30, 2026 7:38 PM (IST) Posted by Amar Deep
नेपाल में अबतक 781 लोगों की मौत
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 781 हो गई है, क्योंकि और शव बरामद किए गए हैं, जबकि 2,500 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं। आपदा के पांचवें दिन, बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश और फंसे हुए लोगों को बचाने की होड़ में लगे हुए थे और आठ प्रभावित ज़िलों से शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि चितवन ज़िले से 272, नवलपरासी ईस्ट से 199, नवलपरासी वेस्ट से 100, गोरखा से 58, धाडिंग से 50, नुवाकोट से 52, तनाहु से 37 और रसुवा से 13 शव बरामद किए गए। NDRRMA ने आगे कहा कि कम से कम 2,502 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 9,435 लोगों को बचाया गया है।
-
August 30, 2026 6:18 PM (IST) Posted by Amar Deep
एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने देश के लिए मांगा समर्थन
सद्गुरु के 'इन सॉलिडैरिटी विद नेपाल' (नेपाल के साथ एकजुटता) कार्यक्रम में, एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने देश के लिए समर्थन मांगा और कहा, "मैं पूरी इंटरनेशनल कम्युनिटी से गुजारिश करना चाहती हूं कि आपने बार-बार नेपाल के प्रति बहुत दया और प्यार दिखाया है। मैं प्रार्थना करती हूं कि आपका यह प्यार और समर्थन बना रहे। एक देश के तौर पर, हमें लोगों के हमारे देश आने की ज़रूरत है, हमें टूरिज़्म की ज़रूरत है। हम सिर्फ़ ऐसे देश के तौर पर नहीं जाने जाना चाहते जो आपदाओं से भरा हो या लगातार मुश्किलों का सामना कर रहा हो। हम अपने खूबसूरत मौसम, हिमालय, बेहतरीन लोगों, प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं के लिए जाने जाना चाहते हैं। हां, नेपाल बॉर्डर के पास एक आपदा आई है, लेकिन टूरिज़्म हमारी जीवन-रेखा है। मुझे उम्मीद है और मैं इंटरनेशनल कम्युनिटी को प्रोत्साहित करती हूं कि वे एक बार फिर नेपाल की यात्रा करें।"
-
August 30, 2026 5:11 PM (IST) Posted by Amar Deep
नेपाल में मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 768
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, 26 अगस्त को आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 768 हो गई, जबकि 2,500 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नेपाल में भयानक बाढ़ आने के कुछ दिनों बाद, रविवार को भोटेकोशी नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों और बचाव कर्मियों से सतर्क रहने की अपील की।
-
August 30, 2026 3:03 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नेपाल में 752 शव मिले
नेपाल में बाढ़ के चलते आई तबाही के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। अब तक 752 शव मिल चुके हैं। वहीं, 8730 लोग ऐसे हैं, जो घायल हुए थे और उनका रेस्क्यू किया गया है। अभी भी 2502 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। राहत और बचाव कार्य में 19895 जवान लगे हुए हैं।
-
August 30, 2026 12:17 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नेपाल में 734 शव मिले
नेपाल में शनिवार शाम तक 734 शव बरामद किए गए हैं। मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। वहीं, टनल में फंसे लोगों का रेस्क्यू करने में भी खासी परेशानी हो रही है। टनल के अंदर मलबे की मोटी परत जमी हुई है। इस वजह से रेसक्यू ऑपरेशन बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस बीच दोबारा नदी का जलस्तर बढ़ने से चिंता बढ़ गई है।
-
August 30, 2026 10:40 AM (IST) Posted by Shakti Singh
नेपाली नागरिक ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भारत को शुक्रिया कहा
नुवाकोट के शेर बहादुर शाही का बेटा एक टनल में फंसा हुआ है, उन्होंने कहा, "मेरा बेटा बचाए गए लोगों में शामिल नहीं है। वह त्रिशूली 3A प्रोजेक्ट में मैकेनिकल इंजीनियर है। वे सभी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। हम उनसे बात नहीं कर पाए हैं। सरकार को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए जरूरी कैपेसिटी और एक्सपर्टीज़ तुरंत जुटानी चाहिए थी। भले ही नेपाल आर्मी टनल साइट पर पहुंच गई, लेकिन उन्हें सही कैपेसिटी और टेक्नीशियन की जरूरत थी। चाहे इंडिया हो या अमेरिका, सब भाई और पड़ोसी हैं। हम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए इंडिया सरकार के भी शुक्रगुजार हैं।"
-
August 30, 2026 9:57 AM (IST) Posted by Shakti Singh
नेपाल में शव रखने की जगह नहीं, दफना रही सरकार
नेपाल में शनिवार शाम तक 734 शव बरामद किए गए हैं। अस्पतालों में शवों को रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सरकार ने शवों को ‘एयरटाइट बैग’ में रखकर जमीन के नीचे दफनाना शुरू कर दिया है। नेपाल के पीएम बालेन शाह ने साफ किया है कि इन शवों के डीएनए सुरक्षित रखे जाएंगे।
-
August 30, 2026 9:16 AM (IST) Posted by Shakti Singh
चीन में 546 लोग लापता
तिब्बत में आई भीषण बाढ़ में 546 लोग लापता हो गए हैं। चीनी सरकारी टेलीविजन CCTV के अनुसार, लापता लोगों में 23 देशों के 261 विदेशी नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशी नागरिकों में नेपाली नागरिकों की संख्या सबसे अधिक है। चीनी अधिकारियों के अनुसार, 104 नेपाली नागरिक अभी भी लापता हैं। जबकि 49 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
लापता विदेशी नागरिकों की सूची
नेपाल : 104
भारत: 49
लातविया: 33
अमेरिका: 18
ब्रिटेन: 15
कनाडा और ऑस्ट्रेलिया: 6-6
दक्षिण अफ्रीका: 4
मलेशिया, जर्मनी और रूस: 3-3
फ्रांस, न्यूजीलैंड, एस्टोनिया और आयरलैंड: 2-2
फिनलैंड, नीदरलैंड, लिथुआनिया, पुर्तगाल, यूक्रेन, स्पेन और हंगरी: 1-1 -
August 30, 2026 8:17 AM (IST) Posted by Shakti Singh
भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ा
नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "खबर है कि रसुवा में भोटेकोशी नदी में बाढ़ का बहाव और बढ़ गया है। इसलिए, रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और आस-पास के इलाकों के साथ-साथ नदी किनारे के इलाकों में सर्च, रेस्क्यू और राहत ऑपरेशन में लगे सभी लोगों और दूसरी संबंधित पार्टियों से रिक्वेस्ट है कि वे बहुत सावधानी बरतें। जैसे ही और जानकारी मिलेगी, हम अपडेट देंगे।"
-
August 30, 2026 6:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
भोटेकोशी नदी में तेज बहाव की आवाज
भोटेकोशी नदी में पानी के तेज बहाव की आवाज सुनी गई है। इसके बाद लोगों को अलर्ट किया गया है और निचले इलाकों से दूर रहने के लिए कहा गया है। नेपाल में दोबारा बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने नदी के आस-पास के इलाकों में रासुवा, नुवाकोट और धाडिंग तक सावधानी बरतने की रिक्वेस्ट करते हैं।