काठमांडू: नेपाल में आई तबाही के बाद टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भारतीय रेस्क्यू दल ने भी अपना अभियान तेज कर दिया है। जानकारी के मुताबिक भारतीय एक्सपर्ट टीम ने नेपाली सेना के साथ मिलकर खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव कार्य जारी रखा। भारतीय रेस्क्यू दल ने रासुवा जिले के चिलीमे और लांगटांग दोनों जगहों पर रेस्क्यू के प्रयासों में शुरुआती सफलता हासिल की है।
रेस्कूय टीम को मिली शुरुआती सफलता
चिलीमे में रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण हालात के बीच टनल तक पहुंच बना ली जिससे आगे के बचाव कार्यों को गति मिलेगी। वहीं लांगटांग में भारतीय दल और नेपाली सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से 185 मीटर की गहराई तक पहुंच हासिल करने में सफलता हासिल की। अधिकारियों के अनुसार, दोनों जगहों पर राहत एवं बचाव अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा।
भारत के राजदूत ने नेपाल आर्मी बेस का दौरा किया
इस बीच नेपाल में भारत के राजदूत ने नुवाकोट जिले के बिदुर स्थित नेपाली सेना के बेस का दौरा किया, जो रसुवा में चल रहे राहत और बचाव अभियानों का प्रमुख संचालन केंद्र है। उन्होंने भारतीय तकनीकी टीमों से मुलाकात कर चिलीमे और लांगटांग सुरंगों में दिनभर की प्रगति की जानकारी ली।
Image Source : Reporter Inputभारतीय रेस्क्यू दल
राजदूत ने दौरे के दौरान नेपाल के गृह मंत्री तथा ऊर्जा एवं जल संसाधन मंत्री से भी मुलाकात की और बचाव अभियान में भारत-नेपाल के समन्वय पर चर्चा की। दोनों देशों के सहयोग से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
मरने वालों की संख्या 939 हुई, 4 हजार से ज्यादा लापता
नेपाल में आए सैलाब के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 939 हो गई है जबकि करीब 4,000 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने ने बताया कि अब तक 10,000 से अधिक लोगों को अब तक बचाया जा चुका है और रेस्क्यू टीम को बारिश, उफनती नदियों, क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने के चलते भी पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स के टनल में फंसे मजदूर
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के टूटने के कारण 26 अगस्त को आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया था। हिमालयी सीमा क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ के पानी को अपने साथ नीचे की ओर ले गई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए तथा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स को काफी नुकसान पहुंचा। रेस्क्यू टीम नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स साइट पर 639 श्रमिकों और कर्मचारियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इनमें से कई लोगों के टनल में फंसे होने की आशंका है।
590 विदेशी नागरिक अब भी लापता
वहीं नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों से 323 से अधिक विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 39 देशों के करीब 590 विदेशी नागरिक अब भी लापता हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि सरकार पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों के अब भी लापता होने को देखते हुए मंत्रालय में एक इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो संबंधित एजेंसियों के साथ-साथ लापता लोगों के परिवारों के साथ भी कोऑर्डिनेट कर रहा है।
ये भी पढ़ें:
बाढ़ में डूबे बैंक से 50 करोड़ का सोना और डेढ़ करोड़ नकद बरामद, नेपाल में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Latest World News