A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल में मतदान को लेकर किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 3 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

नेपाल में मतदान को लेकर किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 3 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात

नेपाल में बृहस्पतिवार को होने वाले चुनाव के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सेना के समन्वय से एक एकीकृत सुरक्षा योजना के तहत 3 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

Nepal Election 2026- India TV Hindi
Image Source : AP Nepal Election 2026

Nepal Election 2026: नेपाल में गुरुवार को होने वाले आम चुनाव को  लेकर देशव्यापी स्तर पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बताया कि नेपाल सेना के समन्वय से तैयार की गई एकीकृत सुरक्षा योजना के तहत 3 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। यह व्यवस्था चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई है।

पूरी हो चुकी हैं तैयारियां

चुनाव से पहले आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा कि चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने देश के मतदाताओं से लोकतंत्र की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर और उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। भंडारी ने जोर देकर कहा कि सुरक्षा के लिहाज से कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई है। नेपाल सेना के सहयोग से बनाई गई एकीकृत योजना के अंतर्गत कुल 3 लाख से अधिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल सेना के जवान और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मी चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए हैं। इनमें मतदान केंद्रों, मतगणना स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

'पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी चुनावी प्रक्रिया'

कार्यवाहक आयुक्त ने विश्वास जताया कि मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “यह नेपाल के लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। हम उम्मीद करते हैं कि नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेंगे।” भंडारी ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी। किसी भी प्रकार की अनियमितता या हिंसा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।

मतदान खत्म होते ही शुरू होगी मतगणना

मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए भंडारी ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होते ही मतपेटियों को सुरक्षित रूप से एकत्र किया जाएगा और तत्काल मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना की प्रक्रिया को तेज करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि रुझान और परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकें।

नेपाल में अहम हैं ये चुनाव

नेपाल में हुए Gen-Z आंदोलन के बाद ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि मजबूत सुरक्षा कवच के कारण चुनाव सुचारु रूप से संपन्न होगा।

यह भी पढ़ें:

VIDEO: अमेरिकी सबमरीन ने किया घातक हमला, ईरानी युद्धपोत को हिंद महासागर में डुबो दिया

ईरान जिसे भी सुप्रीम लीडर चुनेगा उसका 'खात्मा' हमारा लक्ष्य, इजराइली रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी

 
 

Latest World News