1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. नेपाल: इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में लगी आग, 289 लोग थे सवार, मचा हड़कंप

नेपाल: इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में लगी आग, 289 लोग थे सवार, मचा हड़कंप

नेपाल के काठमांडु में एक विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान आग लग गई। ये खबर लगते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

Fire- India TV Hindi
Image Source : ANI टायर में लगी आग

काठमांडू: नेपाल की राजधानी काठमांडु से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके टायर में आग लग गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। जिस समय ये घटना हुई, उस समय विमान के अंदर 289 लोग सवार थे, जिसमें चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला?

काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरते समय तुर्की एयरलाइंस के एक विमान के टायर में आग लग गई। हालांकि गनीमत ये रही कि समय रहते इस आग को बुझा लिया गया और विमान में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आग पर काबू पाया जा चुका है।

एसपी का बयान सामने आया

एयरपोर्ट की सुरक्षा मामलों के एसपी राजकुमार सिलावल ने एएनआई को फोन पर इस मामले की जानकारी देते हुए बताया, "तुर्की एयरलाइंस का विमान टीके 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था। लैंडिंग के समय उसके टायर में आग लग गई। दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।"

अधिकारियों ने बताया कि जिस विमान के साथ ये हादसा हुआ, उसमें कुल 278 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य सवार थे। इस यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के भी कुछ अधिकारी शामिल थे। गनीमत ये रही कि सभी सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित तरीके से ही विमान से रेस्क्यू किया गया। 

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से लगातार विमान हादसों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। इसलिए ज्यादातर एयरपोर्ट स्टाफ अब ऐसे संवेदनशील मामलों को लेकर अलर्ट मोड में रहता है। जरा सी लापरवाही सैकड़ों लोगों की जान के लिए आफत बन सकती है। ऐसे में हमेशा हवाई यात्रा करते समय चौंकन्ने रहें।

Latest World News