1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. न्यूजीलैंड के PM क्रिस्टोफर लक्सन ने देखी भारतीय नौसेना की ताकत, विध्वंसक पोत INS सूरत का किया दौरा

न्यूजीलैंड के PM क्रिस्टोफर लक्सन ने देखी भारतीय नौसेना की ताकत, विध्वंसक पोत INS सूरत का किया दौरा

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारतीय नौसेना के विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत का दौरा किया है। आईएनएस सूरत को जनवरी 2025 में नौसेना में शामिल किया गया था।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारतीय नौसेना के विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत का दौरा किय- India TV Hindi
Image Source : ANI न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारतीय नौसेना के विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत का दौरा किया (M)

New Zealand PM Visits INS Surat: न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और नौसेना प्रमुख रियर एडमिरल गारिन गोल्डिंग ने मुंबई स्थित नौसेना डॉकयार्ड में बृहस्पतिवार को भारतीय नौसेना के नवीनतम स्वदेशी विध्वंसक पोत आईएनएस सूरत का दौरा किया। नौसेना की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, नौसेना की पश्चिमी कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने आईएनएस सूरत पर लक्सन और गोल्डिंग का स्वागत किया। 

2025 में नौसेना में हुआ शामिल 

लक्सन और गोल्डिंग को युद्धपोत की जटिल डिजाइन, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों और जबरदस्त क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई। आईएनएस सूरत एक निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोत है, जिसका डिजाइन नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने तैयार किया है, जबकि निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने किया है। इसे जनवरी 2025 में नौसेना में शामिल किया गया था। 

भारत में है न्यूजीलैंड नौसेना का जहाज

लक्सन ने ऐसे समय में आईएनएस सूरत का दौरा किया, जब रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना का ‘एचएमएनजेडएस ते काहा’ जहाज 20 से 24 मार्च तक मुंबई की यात्रा पर है और संयुक्त कार्य बल (सीटीएफ) 150 के कमांडर कमोडोर रॉजर वार्ड नौसेना की पश्चिमी कमान के मुख्यालय का दौरा कर रहे हैं। 

नौसैनिक सहयोग पर हुई चर्चा

नौसेना की विज्ञप्ति के अनुसार, ये यात्राएं रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना और भारतीय नौसेना के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। विध्वंसक पोत के दौरे के दौरान गोल्डिंग ने वाइस एडमिरल सिंह से मुलाकात की और रणनीतिक नौसैनिक सहयोग पर चर्चा की, जिसके बाद उन्हें कमान की भूमिका के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

कुवैती पुरुषों से शादी करने वाली महिलाओं का क्या होगा? जानिए पूरा मामला

पाकिस्तान के पूर्व PM नवाज शरीफ को मिली नौकरी, बेटी मरियम ने सौंपा काम; PTI ने कसा तंज

Latest World News