A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फिलीपीन: आंधी-तूफान में गिरी 9 मंजिला निर्माणाधीन इमारत, कई मजदूर मलबे में दबे

फिलीपीन: आंधी-तूफान में गिरी 9 मंजिला निर्माणाधीन इमारत, कई मजदूर मलबे में दबे

फिलीपीन में एक 9 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई। इसके मलबे के नीचे कई मजदूर दबे हुए हैं। बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान की वजह से इमारत ढह गई।

9 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से कई मजदूर फंसे। - India TV Hindi
Image Source : AP 9 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से कई मजदूर फंसे।

मनीला: इस वक्त की बड़ी खबर फिलीपीन से सामने आ रही है। यहां राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एक शहर में निर्माणाधीन 9 मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसे के दौरान इमारत में कई मजदूर भी मौजूद थे, जो मलबे की नीचे दब गए हैं। हादसा रविवार तड़के का बताया जा रहा है। हालांकि कुछ मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन अभी भी दर्जनों की संख्या में मजदूर अंदर फंसे हुए हैं। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान में यह निर्माणाधीन इमारत गिर गई।

आंधी-तूफान में गिरी इमारत

हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस और अन्य अधिकारियों ने बताया कि 22 मजदूर बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन कई अन्य अब भी लापता हैं। जानकारी के मुताबिक मनीला के उत्तर में पम्पांगा प्रांत के एंजिल्स सिटी में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान के दौरान यह इमारत भरभराकर ढह गई। वहीं पुलिस ब्रिगेडियर जनरल जेस मेंडेज ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और अन्य सरकारी विभागों के 100 से अधिक कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं। 

30 मजदूरों के फंसे होने की आशंका

हालांकि पुलिस ब्रिगेडियर जनरल जेस मेंडेज तत्काल यह नहीं बता पाये कि इमारत के मलबे में कितने मजदूर अभी भी फंसे हुई हैं। एंजिल्स सिटी के सूचना कार्यालय के प्रमुख जे पेलायो ने बताया कि कम से कम 30 मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने यह जानकारी एक निर्माणकर्मी के हवाले से दी, जो इमारत गिरने के दौरान बाहर निकलने में कामयाब रहा था। 

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पुलिस और अन्य अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों को मलबे से ''आवाजें'' सुनाई दे रही हैं, जबकि 24 श्रमिक सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे या उन्हें बचा लिया गया। लोक निर्माण सचिव विंजोन डिजोन ने संवाददाताओं से कहा कि दमकलकर्मी, पुलिस और आपदा मोचन दलों सहित बचावकर्मी फंसे लोगों को स्वयं और खोजी कुत्तों की मदद से बेहद खतरनाक परिस्थितियों में खोज रहे हैं। डिजोन ने कहा, ''लोगों के जीवित होने के कुछ संकेत मिल रहे हैं। कुछ आवाजें सुनाई दे रही हैं।'' उन्होंने कहा कि बचावकर्मी अत्यधिक सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ''यह स्थल अत्यंत अस्थिर है और लोगों को बाहर निकालना प्राथमिकता है।''

यह भी पढ़ें-

व्हाइट हाउस में एक बार फिर से फायरिंग, अंदर मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप

Latest World News