पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बड़ी एयरस्ट्राइक की है। पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान के भीतर घुसकर सैन्य कार्रवाई की है। ये हमला अफगानिस्तान के गनी खेलो और गरदा सामिया जिलों में किया गया है। बताया जा रहा है कि हवाई हमले आम लोगों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किए गए, इस हमले में एक बच्चा समेत 19 अफगान आम लोग मारे गए हैं।
पाकिस्तान ने कहा, आतंकी ठिकानों को बनाया निशाना
वहीं, पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने एयर स्ट्राइक करके सीमा पार सात आतंकी कैंप और ठिकानों को निशाना बनाया है। पाकिस्तान का कहना है कि ये ठिकाने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और इस्लामिक स्टेट-खोरासान से जुड़े लोगों के थे।
आत्मघाती हमलों के जवाब में की गई एयरस्ट्राइक
पाकिस्तान सरकार TTP को फितना अल खवारिज कहती है। पाकिस्तान का कहना है कि हाल के आत्मघाती हमलों, जिनमें इस्लामाबाद की इमाम बारगाह, बाजौर और बन्नू में धमाके शामिल हैं। इसके जवाब में ये कार्रवाई की गई है।
पूरी तरह तबाह हुआ मदरसा
पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका के बरमल जिले में एयरस्ट्राइक के दौरान एक मदरसे को निशाना बनाया है। इस हमले में मदरसा पूरी तरह तबाह हो गया है। पाकिस्तानी सेना ने उरगुन जिलों के साथ-साथ नंगरहार के खोगयानी, बेहसूद और गनी खेल जिलों में भी एयरस्ट्राइक की है।
इन आतंकी ठिकानों को बनाया गया निशाना
जियो न्यूज ने पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के हवाले से बताया कि हमलों में फितना अल ख्वारिज (FAK), उसके सहयोगी संगठनों और दाएश खोरासान प्रांत (DKP) के सात शिविरों और ठिकानों को निशाना बनाया गया था। मंत्रालय का दावा है कि रमजान के दौरान इस्लामाबाद, बाजौर और बन्नू में हुए हालिया आत्मघाती हमलों के जवाब में यह कार्रवाई 'सटीकता और कुशलता' के साथ की गई थी।
अंतरराष्ट्रीय जांच का सामना कर रहा पाकिस्तान
इस्लामाबाद के इस दावे के बावजूद कि उसने अफगान तालिबान से बार-बार आग्रह किया कि वे आतंकवादी समूहों द्वारा अफगान क्षेत्र के उपयोग को रोकें। पाकिस्तान स्वयं लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न आतंकी संगठनों को सुरक्षित ठिकाने और रसद सहायता प्रदान करने के लिए अंतरराष्ट्रीय जांच का सामना कर रहा है।
Latest World News