पेशावर: पाकिस्तान ने आतंकवादियों के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सरकार ने सुरक्षा बलों और सहायता काफिलों पर लगातार हो रहे हमलों के मद्देनजर प्रांत के कुर्रम जिले को आतंकवादियों से मुक्त कराने के लिए एक अभियान शुरू करने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि कुर्रम जिले के चार गांवों -- ओचट, दाद कमर, मंदुरी और बागान - के निवासियों को अपने इलाके को खाली करने को कहा गया है, जिसके बाद अभियान शुरू होगा। सुरक्षा बलों का निर्देश मिलने के बाद दहशत में लोग अपने घरों को खाली करने लगे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने अशांति में शामिल लोगों और उनके सरगना के खिलाफ इनाम राशि तय करने का भी फैसला किया है।
17 फरवरी को हुआ था हमला
उन्होंने बताया कि कुर्रम जिले में हाल में हुए हमलों के कारण मुआवजे के चेक का वितरण भी रोक दिया गया है। पाकिस्तान के हिंसा प्रभावित कुर्रम में 17 फरवरी को अज्ञात आतंकवादियों ने अर्धसैनिक बल के दस्ते पर हमला किया था, जिसमें बल के चार जवान मारे गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। कुर्रम में एक सहायता काफिले को भी निशाना बनाया गया था। (भाषा)
यह भी पढ़ें
Russia Ukraine War: सऊदी अरब में रूस से बात करने के बाद अब ट्रंप के दूत पहुंचे यूक्रेन, धर्मसंकट में जेलेंस्की
बलूचिस्तान में 7 बस यात्रियों की गोली मारकर हत्या, बंदूकधारियों ने किया हमला
Latest World News