A
Hindi News विदेश एशिया पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने सुनाई गजब की कहानी, कहा- 'भारत के लिए जासूसी करने वाला मछुआरा पकड़ा गया'

पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने सुनाई गजब की कहानी, कहा- 'भारत के लिए जासूसी करने वाला मछुआरा पकड़ा गया'

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि एक मछुआरे इजाज मल्लाह को भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय कोस्ट गार्ड ने मल्लाह को मजबूर किया था कि वह पाकिस्तानी फौजी सामान लाए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पाकिस्तान का प्रोपेगैंडा है।

Pakistan fisherman spy case, Ataullah Tarar, Pakistani fisherman arrested- India TV Hindi Image Source : X/TARARATTAULLAH पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने शनिवार को दावा किया कि देश के एक मछुआरे को भारत के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तरार ने बताया कि इजाज मल्लाह नाम का यह मछुआरा खारे समुद्र (हाई सीज) में मछली पकड़ता था। एक बार भारतीय कोस्ट गार्ड ने उसे पकड़ा और उसे फौजी यूनिफॉर्म, पाकिस्तानी करंसी, सिगरेट, माचिस, लाइटर और सिम कार्ड जैसी चीजें जुटाने के लिए मजबूर किया।

तरार ने सुनाई पूरी फिल्मी कहानी

तरार ने कहा, 'सितंबर में जब मल्लाह मछली पकड़ने गया था, तब उसे भारतीय कोस्ट गार्ड ने पकड़ लिया।'  मंत्री के मुताबिक, मल्लाह को बताया गया कि जासूसी करने पर उसे पैसा मिलेगा, लेकिन मना करने पर 2-3 साल की जेल हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'इस आम मछुआरे को आखिरकार रिहा कर दिया गया और उसे कुछ खास चीजें लाने का काम देकर पाकिस्तान भेजा गया। इनमें पाकिस्तान नेवी, पाकिस्तान आर्मी और सिंध रेंजर्स की यूनिफॉर्म भी शामिल थीं।'

'भारत की तरफ जा रहा था मछुआरा'

तरार ने आगे कहा कि जब मछुआरा इन चीजों को जुटाने की कोशिश करने लगा, तब पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी। सभी सामान लेकर वह भारत की तरफ जा रहा था, तभी समुद्र में ही पाकिस्तानी एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया। तरार ने आरोप लगाया कि यह 'भारतीय खुफिया एजेंसी का एक बड़ा प्लान था, जिसका मकसद पाकिस्तान के खिलाफ प्रोपेगैंडा वॉर छेड़ना था।' प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने कथित बरामद सामान की तस्वीरें भी दिखाईं और मल्लाह का कबूलनामा वीडियो चलाया।

पाकिस्तान फैला रहा है प्रॉपेगैंडा

कथित कबूलनामे वाले वीडियो में मल्लाह ने कहा कि वह समुद्र में मछली पकड़ते वक्त भारतीय एजेंसियों के हत्थे चढ़ गया था। बता दें कि 7 मई को भारत द्वारा किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से पाकिस्तान लगातार प्रॉपेगैंडा फैलाने में जुटा हुआ है। यह कार्रवाई पाकिस्तान और पाक-अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर की गई थी। यह जवाबी हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का था, जिसमें 26 आम नागरिक मारे गए थे। भारत और पाकिस्तान ने 10 मई को समझौता किया और 4 दिन तक चले ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद जंग रोक दी। (PTI)

Latest World News