A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में आज भी चलता है डकैतों का राज! जानें कहां 5 पुलिसकर्मियों को उतारा गया मौत के घाट

पाकिस्तान में आज भी चलता है डकैतों का राज! जानें कहां 5 पुलिसकर्मियों को उतारा गया मौत के घाट

पाकिस्तान में डाकुओं ने किस कदर आतंक मचा रखा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डकैतों ने पुलिस चौकी पर ही हमला कर दिया। डाकुओं के इस हमले में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है।

Pakistan Police- India TV Hindi
Image Source : AP Pakistan Police

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भारी हथियारों से लैस कई दर्जन डाकुओं ने एक पुलिस चौकी पर हमला किया जिसमें स्पेशल फोर्स के पांच पुलिसकर्मी मारे गए है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस महानिरीक्षक उस्मान अनवर ने बताया कि रॉकेट लॉचर और ग्रेनेड से लैस करीब 40 डाकुओं ने बृहस्पतिवार रात रहीम यार खान में शेखानी पुलिस चौकी पर हमला कर दिया था। अनवर ने कहा, ‘‘डाकुओं ने आधी रात को कायरों की तरह हमला किया था।’’ 

एक डाकू भी मारा गया

पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय ने एक बयान में कहा गया है कि पंजाब पुलिस के स्पेशल फोर्स के पांच अधिकारी मारे गए है। मारे गए तीन अधिकारी बहावलनगर से थे, जबकि अन्य दो रहीम यार खान से थे। बयान में कहा गया है कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक डाकू भी मारा गया है। पुलिस ने क्षेत्र में प्रवेश और निकास बिंदुओं को सील कर दिया है। डाकुओं को खोजने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है। 

डाकुओं की पनाहगाह है पाकिस्तान का ये इलाका

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, पाकिस्तान का चंबल कहा जाने वाला रहीम यार खान का कच्चा इलाका डाकुओं की पनाहगाह है। नदी के किनारे बसे इस इलाके में पुलिस भी घुसने से डरती है। अपराध को अंजाम देने के बाद डाकू यहीं आकर छिप जाते है जिसके बाद किसी को उनकी भनक नहीं लगती। हाल के दिनों में पंजाब पुलिस ने रहीम यार खान के कच्चा इलाके में डाकुओं के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है। ऐसे में कई बार पुलिस और डकैतों की मुठभेड़ भी हुई है।

डाकुओं ने हिंदू युवकों को किया था अगवा

गौरतलब है कि इसी साल जनवरी के महीने में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में डाकुओं ने तीन हिंदू युवकों को अगवा कर लिया था। डाकुओं ने इसके बदले पुलिस से अपने साथियों को रिहा करने की मांग की था। ऐसा ना करने पर अगवा किए गए हिंदुओं को जान से मारने की धमकी भी दी थी। यह घटना रहीम यार खान जिले के भोंग इलाके में हुई थी। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

नदी पार कर रहा था पिकअप ट्रक, नीचे आ गया विशालकाय मगरमच्छ; फिर जो हुआ वो आप VIDEO में देखें

रूस ने किया कीव पर बड़ा हमला, 31 लोगों की मौत, भड़के जेलेंस्की ने कहा- 'दुनिया चुप ना रहे'

Latest World News