1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारी तनाव के बीच अफगानिस्तान पहुंचे पाकिस्तान के डिप्टी PM, दोनों देशों के बीच बातचीत में छाए रहे ये मुद्दे

भारी तनाव के बीच अफगानिस्तान पहुंचे पाकिस्तान के डिप्टी PM, दोनों देशों के बीच बातचीत में छाए रहे ये मुद्दे

पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने काबुल में अफगान नेताओं से मुलाकात कर सुरक्षा, व्यापार और पारगमन जैसे मुद्दों पर चर्चा की। दोनों देशों ने आपसी सहयोग बढ़ाने, उच्च स्तरीय संवाद जारी रखने और सीमा प्रबंधन में सुधार की प्रतिबद्धता जताई।

Ishaq Dar, Pakistan, Afghanistan, Kabul visit, bilateral relations- India TV Hindi
Image Source : X.COM/FOREIGNOFFICEPK अफगान नेताओं से मुलाकात करते पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों को बेहतर करने की कोशिश के तहत पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार ने शनिवार को काबुल में अफगानिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मुल्ला मुहम्मद हसन अखुंद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी हितों के प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। डार की यह एक दिवसीय अफगानिस्तान यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान ने अवैध अफगान शरणार्थियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पाकिस्तान ने साफ कर दिया है कि अफगान नागरिकों के लिए उसके यहां रहने का एकमात्र तरीका वीजा के साथ कानूनी रूप से प्रवेश करना है।

इस यात्रा की योजना कई महीनों से बन रही थी

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘दोनों पक्षों ने सुरक्षा, व्यापार और पारगमन सहयोग समेत आपसी हित के प्रमुख मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।’ सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान (एपीपी)’ के मुताबिक, दोनों पक्षों ने निरंतर संवाद के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय आदान-प्रदान जारी रखने पर सहमति जताई। डार की इस यात्रा की योजना कई महीनों से बन रही थी, लेकिन पाकिस्तान की सुरक्षा चिंताओं से जुड़े तनाव के कारण यह बार-बार टलती रही।

2021 से लगातार बिगड़ते जा रहे हैं दोनों के संबंध

बता दें कि अगस्त 2021 से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संबंध लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। डार ने अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। वह मुत्ताकी के निमंत्रण पर काबुल गए थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, ‘द्विपक्षीय संबंधों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई, जिनमें सुरक्षा, व्यापार, पारगमन, संपर्क और लोगों के बीच संपर्क समेत आपसी हित के विविध क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की रणनीति तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।’

मुल्ला अब्दुल गनी बरादर से भी मुलाकात करेंगे डार

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘उपप्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय व्यापार और संपर्क की क्षमता को पूरी तरह से साकार करने के लिए सभी प्रासंगिक मुद्दों, विशेष रूप से सुरक्षा और सीमा प्रबंधन से संबंधित मुद्दों के निराकरण के सर्वोपरि महत्व पर जोर दिया।’ विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि दोनों पक्षों ने पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंधों को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और उच्च स्तरीय संवाद के महत्व पर सहमति जताई। मंत्रालय के अनुसार, डार आर्थिक मामलों के कार्यवाहक उपप्रधानमंत्री मुल्ला अब्दुल गनी बरादर से भी मुलाकात करेंगे।

Latest World News