1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में पिकनिक से लौट रहे लोगों पर हुई अंधाधुंध फायरिंग, 7 की मौत; घायल हुआ एक शख्स

पाकिस्तान में पिकनिक से लौट रहे लोगों पर हुई अंधाधुंध फायरिंग, 7 की मौत; घायल हुआ एक शख्स

पाकिस्तान में दर्दनाक घटना हुई है। यहां के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने सात लोगों का कत्ल कर दिया है। जिन लोगों की हत्या की गई है वो दोस्त थे और पिकनिक के बाद अपने घर लौट रहे थे।

Pakistan Khyber Pakhtunkhwa Firing (Representational Image)- India TV Hindi
Image Source : AP Pakistan Khyber Pakhtunkhwa Firing (Representational Image)

पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हिंसक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर यहां दिलदहला देने वाली वारदात हुई है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिकनिक से लौट रहे दोस्तों के एक समूह पर अज्ञात बंदूकधारियों ने घात लगाकर हमला किया है। इस हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक अन्य शख्स घायल हो गया है। 

हमलावरों ने की ताबड़तोड़ गोलीबारी

पुलिस ने रविवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। हमला पेशावर से लगभग 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले के उपनगरीय इलाके रेगी शिनो खेल में हुआ है। पुलिस ने बताया कि लोग टांडा बांध से अपने पैतृक गांव खरा घारी मुहम्मद जई लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की सहायता से बचाव दल के अधिकारियों ने शवों और घायलों को कोहाट जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। घायल व्यक्ति को बाद में विशेष उपचार के लिए पेशावर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने क्या कहा?

दिलदहला देने वाली इस घटना के बाद पुलिस ने बताया कि सभी मृतक दोस्त थे। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए है। हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हत्याओं के मकसद का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। 

अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने अर्द्धसैनिक बल ‘फ्रंटियर कांस्टेबुलरी’ के 4 जवानों की हत्या कर दी थी। हमलावरों ने करक जिले के अमन कोट तोई इलाके में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के एक वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें जवान मारे गए थे। 

पहले भी हुए हैं हमले

खैबर पख्तूनख्वा में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक लगातार देखने को मिल रहा है। हाल ही में अज्ञात बंदूकधारियों ने 'फ्रंटियर कॉर्प्स' के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया था। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य घायल हो गया था। यह हमला बन्नू जिले में हुआ था। (भाषा)

यह भी पढ़ें: 

चीन ने फिर दिखाई चालबाजी! पाकिस्तान को सौंपी हंगोर क्लास की तीसरी पनडुब्बी

पाकिस्तान में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर सेना प्रमुख मुनीर ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कह दिया

Latest World News