A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के कट गए पर! सैलरी नहीं मिलने पर भड़के इंजीनियर्स; थम गई विमानों की उड़ान

पाकिस्तान के कट गए पर! सैलरी नहीं मिलने पर भड़के इंजीनियर्स; थम गई विमानों की उड़ान

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई है। इंजीनियर्स ने हड़ताल कर दी है जिससे विमानों को उड़ान के लिए दी जाने वाली योग्यता क्लियरेंस नहीं मिल पा रही है।

Pakistan International Airlines- India TV Hindi
Image Source : AP Pakistan International Airlines

Pakistan International Airlines: पाकिस्तान कंगाल होने की कगार पर खड़ा है, ऐसी खबरें अक्सर सामने आती रही हैं। लेकिन, अब इसका सबूत भी सामने आ गया है कि पाकिस्तान की हालत पतली है। हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों को सैलरी तक नहीं मिल पा रही है। ऐसा इस वजह से है क्योंकि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के सामने गंभीर संकट आ गया है। एयरक्राफ्ट इंजीनियरों ने फ्लाइट्स के लिए क्लियरेंस देना बंद कर दिया है। क्लियरेंस ना मिलने की वजह से देशभर में एयरलाइन की उड़ानें पूरी तरह ठप हो गई हैं।

क्यों भड़के हैं इंजीनियर्स?

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के इंजीनियरों की सैलरी नहीं बढ़ाई गई है और ना ही सुरक्षा पर भरोसा दिया गया है। इसी वजह से नाराज इंजीनियरों ने सोमवार शाम से ही इंटरनेशल फ्लाइट्स के लिए उड़ानें रोक दी हैं। इंजीनियरों की हड़ताल से करीब 12 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सैकड़ों यात्री इस्लामाबाद, कराची और लाहौर जैसे एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए हैं।

Image Source : apPakistan International Airlines

इंजीनियरों ने किया बड़ा खुलासा

सोसाइटी ऑफ एयरक्राफ्ट इंजीनियर्स ऑफ पाकिस्तान (SAEP) की ओर से कहा गया है कि उनके सदस्य तब तक काम पर नहीं लौटेंगे जब तक एयरलाइन का सीईओ अपना रवैया नहीं बदलता। यूनियन का आरोप है कि प्रबंधन पिछले 2 महीनों से उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। इंजीनियरों का कहना है कि पिछले 8 सालों से वेतन वृद्धि नहीं हुई है और अब उनसे स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी के बावजूद फ्लाइट्स को क्लियर करने का दबाव डाला जा रहा है। यूनियन ने कहा, "हम यात्रियों की जान जोखिम में डालकर प्रबंधन के आदेशों को पूरा नहीं कर सकते हैं।"

'अवैध है हड़ताल'

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के सीईओ ने हड़ताल को अवैध करार दिया है। एयरलाइंस ने कहा है कि यह पाकिस्तान एसेंशियल सर्विसेज एक्ट 1952 के तहत गैरकानूनी है। सीईओ का कहना है कि हड़ताल का मकसद एयरलाइन के जारी प्राइवेटाइजेशन प्रोसेस को नुकसान पहुंचाना है। इस बीच एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि स्टाफ की व्यवस्था करने का प्रयास जारी है जिससे फ्लाइट ऑपरेशंस को शुरू किया जा सके। फिलहाल, हालात बेहतर नहीं कहे जा सकते हैं  और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

यह भी पढ़ें:

3300 साल बाद तूतनखामुन की कब्र खोजने वालों को लगा था श्राप? एक के बाद एक मौतों से हिल गई थी दुनिया

सुअर की किडनी को इंसान के शरीर में लगाकर बचाई जा सकेगी जिंदगी, चल रहा क्लीनिकल ट्रायल

Latest World News