1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत के हमले का खौफ जारी, पाकिस्तान ने ताकत दिखाने के लिए किया मिसाइल परीक्षण

भारत के हमले का खौफ जारी, पाकिस्तान ने ताकत दिखाने के लिए किया मिसाइल परीक्षण

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर भारत के बदले के ऐलान से पाकिस्तान बुरी तरह घबराया हुआ है। लिहाजा पाकिस्तान भी अपनी ताकत दिखाने के लिए सैन्य अभ्यास और मिसाइल परीक्षण में जुट गया है। पाकिस्तान ने ताजा क्रम में अब्दाली मिसाइल का परीक्षण करने का दावा किया है।

पाकिस्तान की मिसाइल (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
Image Source : AP पाकिस्तान की मिसाइल (प्रतीकात्मक फोटो)

इस्लामाबाद: भारत के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान में बदले का खौफ जारी है। लिहाजा पाकिस्तान भी सैन्य अभ्यास से लेकर मिसाइल परीक्षण तक में जुट गया है। भारत के संभावित हमले से घबराए पाकिस्तान ने शनिवार को एक नई मिसाइल का परीक्षण किया है। पाकिस्तान की ओर से घोषणा की गई है कि उसने 450 किलोमीटर की दूरी तक सतह से सतह तक मार करने में सक्षम ‘अब्दाली हथियार प्रणाली’ का सफल परीक्षण प्रक्षेपण किया है।

बता दें कि पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के साथ बढ़े तनाव के बीच यह परीक्षण किया है। पाकिस्तान को लगातार भारत की ओर से पहलगाम को लेकर जवाबी हमले का खतरा सता रहा है। पाक सेना ने एक बयान में कहा, ‘‘इस प्रक्षेपण का उद्देश्य सैनिकों की अभियानगत तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल की उन्नत नौवहन प्रणाली तथा उन्नत गतिशीलता विशेषज्ञताओं सहित प्रमुख तकनीकी मापदंडों की जांच करना था।’’ सेना ने अभ्यास के बारे में विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि मिसाइल प्रक्षेपण ‘‘अभ्यास इंडस’’ का हिस्सा था।

भारत से तनाव के बीच मिसाइल परीक्षण

पाकिस्तान ने यह मिसाइल परीक्षण भारत से पहलगाम आतंकी हमले पर चल रहे तनावों के बीच किया है। प्रशिक्षण प्रक्षेपण में सेना सामरिक बल कमान के कमांडर, सामरिक योजना प्रभाग, सेना सामरिक बल कमान के वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद थे। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुखों ने सैनिकों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी। उन्होंने किसी भी आक्रमण के खिलाफ विश्वसनीय न्यूनतम प्रतिरोध सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के लिए पाकिस्तान के सामरिक बलों की तैयारियों और तकनीकी दक्षता पर पूरा भरोसा जताया। (भाषा)

Latest World News