A
Hindi News विदेश एशिया पाकिस्तान में मरियम नवाज के इस फैसले पर मच गया हाहाकार, विरोधियों ने दागे सवाल

पाकिस्तान में मरियम नवाज के इस फैसले पर मच गया हाहाकार, विरोधियों ने दागे सवाल

पाकिस्तान में पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री मरियम नवाज के लिए लग्जरी जेट खरीदा है। जेल खरीदने को लेकर मरियम नवाज विरोधियों के निशाने पर आ गई हैं और उनकी जमकर आलोचना भी हो रही है।

पाकिस्तान पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज- India TV Hindi Image Source : AP पाकिस्तान पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज

लाहौर: पाकिस्तान में पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज मुश्किलों में घिरी हुई नजर आ रही हैं। मरियम ने सरकारी पैसों से अपने पर्सनल इस्तेमाल के लिए 11.7 बिलियन (पाकिस्तानी करेंसी) का एक शानदार एयरक्राफ्ट खरीदा है। सीएम मरियम के इस कदम की अब कड़ी आलोचना हो रही है। स्ट्रैटकॉम ब्यूरो का कहना है कि पंजाब सरकार ने अपने VIP ट्रांसपोर्ट रोल के लिए एक नया, 2019 में बना गल्फस्ट्रीम GVII-G500 एयरक्राफ्ट खरीदा है। एयरक्राफ्ट की अनुमानित कीमत लगभग USD 42 मिलियन (PKR 11.7 बिलियन) है।

विरोधियों ने मरियम को घेरा

मरियम के इस कदम के बाद वो विरोधियों के निशाने पर आ गई हैं। अपोजिशन पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और जमात-ए-इस्लामी ने पूर्व प्राइम मिनिस्टर नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज की आलोचना की है। विरोधियों ने कहा कि मरियम ने अपनी शानदार लाइफस्टाइल के लिए जनता के पैसों का इस्तेमाल किया है।

PTI नेता ने क्या कहा?

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सीनियर लीडर और पूर्व फेडरल मिनिस्टर मूनिस इलाही ने कहा, "पंजाब की टिकटॉकर चीफ मिनिस्टर ने PKR 11,000 करोड़ में एक एयरक्राफ्ट खरीदा है, जबकि पाकिस्तान की पूरी नेशनल एयरलाइन PIA सिर्फ PKR 10 बिलियन में बेच दी गई।" उन्होंने कहा, "पंजाब, 130 मिलियन की आबादी वाला एक प्रांत, जहां लोग खाना, साफ पानी या मेडिकल ट्रीटमेंट जैसी बेसिक जरूरतें भी नहीं खरीद सकते। जहां सीवर कवर के लिए भी फंड की कमी है वहां CM के लिए एक एयरक्राफ्ट पर पब्लिक मनी खर्च किया गया। अपने फायदे के लिए पब्लिक मनी को बर्बाद करने पर शर्म आनी चाहिए।"

'शरीफ परिवार सर्टिफाइड लुटेरा है'

मूनिस ने सवाल किया कि क्या एक देश जो आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहा है, जहां 45 परसेंट लोग गरीबी रेखा से नीचे रह रहे हैं और रिकॉर्ड बेरोजगारी है, वह यह लग्जरी अफोर्ड कर सकता है। उन्होंने कहा, "शरीफ परिवार एक सर्टिफाइड लुटेरा है और मरियम नवाज का यह काम दिखाता है कि वो यहां सिर्फ राज करने और लूटने के लिए हैं और उन लोगों की भलाई से उनका कोई लेना-देना नहीं है जिनका मैंडेट इस सुपर एलीट ने पिछले (2024) चुनावों में चुरा लिया था।"

क्या बोले जमात-ए-इस्लामी के चीफ?

जमात-ए-इस्लामी के चीफ हाफिज नईमुर रहमान ने भी मरियम नवाज को घेरा है। उन्होंने भी पर्सनल इस्तेमाल के लिए महंगा और लग्जरी एयरक्राफ्ट खरीदने पर मरियम की आलोचना की है। उन्होंने कहा, "एक तरफ, पंजाब बच्चों और महिलाओं में कुपोषण में बढ़ोतरी का सामना कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री के लिए लग्जरी एयरक्राफ़्ट खरीदा गया है।" उन्होंने कहा, "सत्ताधारी अमीर लोगों के खास अधिकारों और शानदार लाइफस्टाइल में कोई कमी नहीं आई है।"

सीनियर जर्नलिस्ट ने क्या कहा?

सीनियर जर्नलिस्ट मेहर बुखारी ने कहा कि जब सरकारें मल्टीनेशनल कॉर्पोरेशन की तरह खर्च करना शुरू करती हैं, तो नागरिकों का यह पूछना सही है कि असल में किसकी सेवा की जा रही है। उन्होंने कहा, "पंजाब का एक लग्जरी गल्फस्ट्रीम जेट खरीदना ना सिर्फ शक पैदा करने वाला है, बल्कि यह इस बात का प्रतीक है कि सरकार आर्थिक हकीकत से कितनी अलग हो गई है।"

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में 24 घंटे के अंदर 2 बार आया भूकंप, दहशत में लोग; जानें रिक्टर स्केल पर कितनी थी तीव्रता

कौन हैं ट्रंप का टैरिफ रद्द करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले नील कात्याल? भारत से बहुत खास है इनका रिश्ता

Latest World News