पाकिस्तान में कुछ घंटों के भीतर हुए 2 भीषण बम विस्फोट, 8 की मौत; घायल हुए 23 लोग
पाकिस्तान में हुए 2 बम धमाकों में 8 लोगों की मौत हो गई है। इन धमाकों में लगभग 2 दर्जन लोग घायल भी हुए हैं। किसी भी समूह ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
Pakistan Bomb Blast: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में कुछ घंटों के अंतराल पर हुए 2 कार बम विस्फोटों में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और लगभग 2 दर्जन घायल हुए हैं। अधिकारियों ने इन धमाकों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी इलाही बख्श ने बताया कि पहला धमाका बलूचिस्तान प्रांत के तुर्बत जिले में उस वक्त हुआ, जब एक आत्मघाती हमलावर ने एक वाहन को सुरक्षा काफिले से टकरा दिया। उन्होंने बताया कि हमले में 2 सुरक्षाकर्मी मारे गए और 23 घायल हो गए।
अफगान सीमा के पास हुआ धमाका
सरकारी प्रशासक इम्तियाज अली ने बताया कि कुछ घंटों बाद, दक्षिण-पश्चिमी शहर चमन में अफगान सीमा के पास एक और कार बम विस्फोट हुआ, जिसमें 6 लोग मारे गए। हालांकि, किसी भी समूह ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक पाकिस्तानी तालिबान और बलूच अलगाववादियों की ओर है, जो अक्सर प्रांत में सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाते हैं।
पाकिस्तान में बढ़े हैं आतंकी हमले
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी हमलों में इजाफा हुआ है। ये दोनों ही क्षेत्र अफगानिस्तान के साथ सीमा साझा करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जून में पाकिस्तान में 78 आतंकवादी हमले हुए। बलूचिस्तान लगभग 2 दशकों से अशांति का सामना कर रहा है। स्थानीय जातीय बलूच समूहों और उनसे संबंधित अन्य पार्टियों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हुए कई घातक हमले भी किए हैं।
पाकिस्तान में मारे गए थे 45 आतंकी
बता दें कि, हाल ही में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 45 आतंकी मारे गए थे। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान करीब 19 सैनिकों की भी मौत हुई थी। मारे गए आतंकी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के थे। इस ऑपरेशन को लेकर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि पाकिस्तान आतंकवाद का पूरी ताकत से मुकाबला करता रहेगा। (एपी)
यह भी पढ़ें:
इंडोनेशिया में कांपी धरती, महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके; जानें कितनी रही तीव्रता
रूस में फिर आया भूकंप, जानें कितनी रही तीव्रता; जारी हुआ सुनामी का अलर्ट
