A
Hindi News विदेश एशिया पाकिस्तानी पत्रकार हसन अयूब का दावा, एक साल के अंदर भारत फिर करेगा स्ट्राइक

पाकिस्तानी पत्रकार हसन अयूब का दावा, एक साल के अंदर भारत फिर करेगा स्ट्राइक

पाकिस्तान में भारत के संभावित हमले को लेकर चिंता बढ़ी है, वहीं सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तारीफ में व्यस्त है। जनता सरकार की ट्रंप परस्ती से नाराज है और सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

India Pakistan conflict, Hassan Ayub Khan, Donald Trump Pakistan- India TV Hindi Image Source : AP भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद से तनाव बढ़ा हुआ है।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में एक तरफ जहां सरकार और सेना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफों में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर भारत के संभावित हमले का डर उसे सता रहा है। पाकिस्तानी पत्रकार हसन अयूब खान ने सनसनीखेज दावा किया है कि भारत अब पहले जैसा नहीं रहा और वह बिना किसी चेतावनी के पाकिस्तान पर हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह हमला अगले एक साल के अंदर हो सकता है। वहीं, पाकिस्तान में जनता इस बात से नाराज है कि मुल्क के नेता और आर्मी चीफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खुशामद करने में लगे हुए हैं।

'बगैर चेतावनी के हो सकता है हमला'

हसन अयूब ने कहा, 'भारत इस वक्त दोबारा उस स्थिति में आना चाहता है, जहां वह पाकिस्तान पर हमला कर सके। जिस तरह इजरायल ने ईरान पर हमला किया, उससे भारत को काफी प्रोत्साहन मिला है। पाकिस्तान को इस समय अपना पूरा ध्यान अपनी रक्षा पर केंद्रित करना होगा। नई दिल्ली का युद्ध को लेकर नजरिया अब बदल चुका है। अब वह बिना किसी चेतावनी के पाकिस्तान पर हमलावर हो सकता है। इसके लिए भारत ने अपनी रक्षा खरीदारी को और तेज कर दिया है। पाकिस्तान को बिल्कुल भी निश्चिंत नहीं होना चाहिए, क्योंकि इस समय प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर युद्ध का जुनून सवार है।'

ट्रंप की चमचागिरी से जनता नाराज

बता दें कि पाकिस्तान की सरकार और सेना का ध्यान इस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने पर केंद्रित है। इसका मकसद साफ है कि वह अमेरिका से आर्थिक मदद और डॉलर्स हासिल करना चाहता है। पहले सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने ट्रंप के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की मांग की थी। इसके बाद शहबाज शरीफ सरकार ने आधिकारिक तौर पर ट्रंप को इस पुरस्कार के लिए नामित किया। अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ट्रंप को 'जादुई नेता' करार देते हुए उनकी तारीफों के पुल बांधे हैं। हालांकि, पाकिस्तान की जनता अपनी सरकार और सेना के इस रवैये से नाराज है। सड़कों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और लोग अपने नेताओं और सेना प्रमुख को ट्रंप की चमचागिरी के लिए कोस रहे हैं।

Latest World News