A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा से आउट होगा हमास? फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा- 'अपने हथियार सरेंडर करो'

गाजा से आउट होगा हमास? फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा- 'अपने हथियार सरेंडर करो'

फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हमास से हथियार डालने को कहा है। महमूद अब्बास ने ये भी साफ कर दिया है कि गाजा में हमास की कोई भूमिका नहीं होगी।

Mahmud Abbas calls hamas to surrender weapons- India TV Hindi
Image Source : AP हमास को सरेंडर करने को कहा गया।

फिलिस्तीन को एक के बाद एक कई देश राष्ट्र के तौर पर मान्यता दे रहे हैं। फिलिस्तीन को मान्यता देने वाले देशों में कनाडा, फ्रांस, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े देश शामिल हो गए हैं। इस बीच आतंकी संगठन हमास को लेकर भी बड़ी खबर सामने आ रही है। फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हमास और उसके अन्य गुटों को अपने हथियार फिलिस्तीनी प्राधिकरण को सौंपने और सरेंडर करने को कहा है।

क्या बोले फिलिस्तीन के राष्ट्रपति?

दरअसल, फिलिस्तीन के राष्ट्रपति ने हमास और उसके दूसरे संगठनों को फौरन अपने हथियार सरेंडर करने के लिए कहा है। राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कहा है कि गाजा में हमास की कोई भूमिका नहीं होगी और वो अपने हथियार फिलिस्तीन की ऑथोरिटी को सरेंडर करें। महमूद अब्बास UN के पीस समिट को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। ऐसा इसलिए है क्योंकि अमेरिका ने उन्हें वीजा नहीं दिया है।

इजरायल पर हमले की निंदा

द टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, हमास और उसके अन्य गुटों को सरेंडर करने के लिए कहने के बाद फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमले की भी निंदा की है। महमूद अब्बास ने कहा है कि "हम 7 अक्टूबर, 2023 को हमास की कार्रवाई सहित नागरिकों की हत्या और अपहरण की भी निंदा करते हैं।" आपको बता दें कि 7 2023 को हमास ने इजरायल की सीमा में घुसकर 1200 से ज्यादा लोगों का नरसंहार किया था। इसके बाद हमास ने सैकड़ों इजरायली नागरिकों का अपहरण कर लिया था और उन्हें गाजा ले जाया गया था।

इटली में मेलोनी के खिलाफ प्रदर्शन

फिलिस्तीन को अब तक 152 देशों की मान्यता मिल गई है। फ्रांस ने फिलिस्तीन को औपचारिक मान्यता दे दी है। इससे पहले ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने भी फिलिस्तीन को मान्यता दे दी थी। हालांकि, फिलिस्तीन की मान्यता पर यूरोप में फूट पड़ती दिख रही है। इटली ने फिलिस्तीन को मान्यता नहीं दी है जिसके बाद इटली की सड़कों पर बवाल शुरू हो गया है। इटली की सड़कों पर मेलोनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें- फ्रांस ने फिलिस्तीन को राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी, UN बोला- 'दो-राष्ट्र समाधान ही एकमात्र रास्ता'

ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने दी फलस्तीन राज्य को मान्यता, जानें क्या है इसका मतलब; कितने बदलेंगे हालात

Latest World News