A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फिलीपींस में ‘कालमेगी’ तूफान ने मचाया कोहराम, कम से कम 2 लोगों की हुई मौत; भयावह हैं हालात

फिलीपींस में ‘कालमेगी’ तूफान ने मचाया कोहराम, कम से कम 2 लोगों की हुई मौत; भयावह हैं हालात

फिलीपींस में तूफान ‘कालमेगी’ ने भारी तबाही मचाई है। कई इलाकों में भारी मलबा नजर आ रहा है और गाड़ियां पानी में तैरती हुई दिख रही हैं। तूफान की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई है।

Philippines Typhoon Kalmaegi- India TV Hindi
Image Source : AP Philippines Typhoon Kalmaegi

Philippines Typhoon Kalmaegi: तूफान ‘कालमेगी’ मध्य फिलीपींस के ऊपर से गुजरा है जिसकी चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई है। तूफान की वजह से कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई गाड़ियां जलमग्न हो गई हैं। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि तूफान के कारण हजोरों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। ‘कालमेगी’ तूफान मध्य नेग्रोस ऑक्सिडेंटल प्रांत के बाकोलोद शहर के ऊपर से गुजरा। तूफान की अधिकतम गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। 

कब आया तूफान?

तूफान सोमवार आधी रात के करीब दक्षिणी लेयटे प्रांत के सिलागो कस्बे में आया। अधिकारियों के अनुसार, दक्षिणी लेयटे में बाढ़ के पानी में डूबने से एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि मध्य बोहोल प्रांत में गिरते पेड़ की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। दक्षिणी लेयटे में बिजली आपूर्ति ठप होने की भी सूचना है।

Image Source : apPhilippines Typhoon Kalmaegi

भयावह हैं हालात

फिलीपींस रेड क्रॉस की महासचिव ग्वेन्डोलिन पांग ने बताया कि केंद्रीय सेबू प्रांत के तटीय शहर लिलोआन में कई लोग बाढ़ के कारण अपने घरों की छतों पर फंसे हुए हैं। सेबू के मांडाउ शहर में बाढ़ का पानी लोगों के कंधे तक पहुंच गया है और कई वाहन जलमग्न हो गए हैं। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें बहुत सारी कॉल आ रही हैं। लोग छतों और घरों से बचाव की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन, फिलहाल यह संभव नहीं है। चारों तरफ मलबा है और गाड़ियां तैर रही हैं। हमें बाढ़ का पानी उतरने का इंतजार करना होगा।’’ पूर्वी सामार प्रांत के होमोनहोन द्वीप पर तेज हवाओं के कारण करीब 300 झोपड़ियों की छतें उड़ गईं या क्षतिग्रस्त हो गईं। गुइवान की मेयर एन्नालिजा गोंजालेस क्वान ने बताया कि क्षेत्र में बाढ़ नहीं आई, केवल तेज हवाएं चलीं।

हैयान तूफान ने मचाई थी तबाही

मौसम विभाग के अनुसार, ‘कालमेगी’ इस वर्ष फिलीपींस को प्रभावित करने वाला 20वां उष्णकटिबंधीय चक्रवात है। यह पश्चिम दिशा में लगभग 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है और मंगलवार देर रात या बुधवार सुबह तक दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ने की संभावना है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि तूफान के तट पर पहुंचने से पहले पूर्वी फिलीपींस के प्रांतों में 1.5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इससे पहले नवंबर 2013 में आए ‘हैयान’ तूफान में 7,300 से अधिक लोग मारे गए थे या लापता हो गए थे और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। (एपी)

यह भी पढ़ें:

तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने कबायली नेताओं के साथ की वार्ता, तिराह घाटी पर हुई अहम चर्चा

पाकिस्तान के कट गए पर! सैलरी नहीं मिलने पर भड़के इंजीनियर्स; थम गई विमानों की उड़ान

Latest World News