Putin in India Day 2 Live Updates: भारत के 2 दिवसीय दौरे का समापन कर मॉस्को रवाना हुए पुतिन
Putin in India Day 2 Live: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिवसीय भारत दौरे पर हैं। शुक्रवार को पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

Putin in India Day 2 Live: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। शुक्रवार को राष्ट्रपति पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचने पर पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रपति पुतिन को रिसीव किया। इस दौरान दोनों नेता एक ही कार में सवार हो प्रधानमंत्री आवास पहुंचे थे। पुतिन के भारत दौरे का आज दूसरा दिन है। आज का दिन दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से बेहद अहम साबित होने वाला है। डिफेंस से लेकर परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। पुतिन के भारत दौरे से जुड़े पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए इंडिया टीवी की डिजिटल टीम के साथ जुड़े रहें।
Live updates : Putin in India Day 2 Live Updates:
-
December 05, 2025 10:23 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पुतिन का 2 दिवसीय दौरा पूरा, मॉस्को के लिए हुए रवाना
भारत के 2 दिवसीय दौरे को पूरा करने के बाद शुक्रवार की रात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन मॉस्को रवाना हो गए हैं। पुतिन का यह दौरा काफी ऐतिहासिक रहा। इस दौरान भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी नये मुकाम तक पहुंची। साथ ही कई आर्थिक और व्यापारिक और सैन्य समझौते भी हुए।
-
December 05, 2025 7:14 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
PM मोदी ने ट्वीट कर बताया, रूस के साथ हुई क्या-क्या चर्चाएं
पीएम मोदी ने ट्वीट करके बताया है कि रूस के साथ किन-किन अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज का 23वाँ भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन भारत-रूस सहयोग के विविध पहलुओं पर व्यापक चर्चा का एक अवसर था। हमने अपने व्यापार और निवेश संबंधों में विविधता लाने के लिए 2030 तक एक आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमति व्यक्त की है। हमने कनेक्टिविटी में सुधार, जहाज निर्माण, कौशल, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा की।"
-
December 05, 2025 7:02 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत-रूस शिखर वार्ता के बाद पीएम मोदी का ट्वीट, "व्यापारिक संबंधों को इस मंच से मिलेगी गति"
पीएम मोदी ने भारत-रूस शिखर वार्ता के बाद ट्वीट किया है। उन्होंने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा, "राष्ट्रपति पुतिन और मैंने भारत-रूस व्यापार मंच के पूर्ण अधिवेशन में भाग लिया। यह मंच हमारे व्यापारिक संबंधों को नई गति प्रदान करेगा और नवाचार एवं विकास के नए रास्ते भी खोलेगा।"
-
December 05, 2025 4:59 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत और रूस दीर्घकालिक साझेदार, भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में कर रहा स्वतंत्र और संप्रभु नीति का पालन
पुतिन ने कहा, "...वास्तव में, रूस और भारत दीर्घकालिक व्यापारिक साझेदार हैं। व्यापार की मात्रा निरंतर गति से बढ़ रही है और पिछले तीन वर्षों में, हमने 80% तक की रिकॉर्ड वृद्धि देखी है। परिणामस्वरूप, पिछले वर्ष, रूस-भारत का व्यापार 64 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को और बढ़ाने के अपार अवसर हैं। रूस और भारत के पास बड़े उपभोक्ता बाजार हैं...एक बार फिर, मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहूंगा कि महामहिम मोदी के नेतृत्व में, भारत पूर्णतः स्वतंत्र और संप्रभु नीति का पालन कर रहा है और साथ ही आर्थिक क्षेत्र में भी बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त कर रहा है..."
-
December 05, 2025 4:57 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ, कही ये बात
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु नीति का पालन कर रहा है और साथ ही बहुत अच्छे परिणाम भी प्राप्त कर रहा है। आज भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी की मज़बूत आर्थिक नीति और मेक इन इंडिया कार्यक्रम जैसी ऐतिहासिक पहल की बदौलत भारत तकनीकी रूप से संप्रभु बन रहा है। भारत का आईटी और फार्मास्युटिकल क्षेत्र दुनिया में अग्रणी स्थान रखता है।"
-
December 05, 2025 4:50 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत पूरी मानवता की भलाई चाहता हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत पूरी मानवता की भलाई चाहता है। हम आह्वान करते हैं कि प्लीज कम फॉर मेक इन इंडिया। पार्टरनर विथ इंडिया।
-
December 05, 2025 4:49 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत दुनिया का सबसे बड़ा स्किल कैपिटलः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत सबसे बड़ा स्किल कैपिटल बन चुका है। रूस को भी स्किल्ड वर्कर उपलब्ध कराएंगे।
-
December 05, 2025 4:48 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इलेक्ट्रॉनिक, सीमेंट और फर्टिलाइजर के क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोगः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रूस के साथ इलेक्ट्रॉनिक, सीमेंट और फर्टिलाइजर के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ेगा। भारत में ग्लोबल रिक्वायरमेंट पूरी करने की क्षमता है। भारत और रूस के बीच साझेदारी दोनों देशों के लिए बहुत उपयोगी है।
-
December 05, 2025 4:47 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इलेक्ट्रिव व्हिकल और फॉर्मा सेक्टर में रूस हमारा साझेदार हो सकता हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हिकल और फॉर्मा में साझेदार हो सकते हैं। इससे स्वास्थ्य सुरक्षा भी बढ़ेगी। इसके अलावा टेक्सटाइल में भी हम साथ मिलकर बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं।
-
December 05, 2025 4:45 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म ही भारत की नीतिः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की निती रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म है। हम इसी उद्देश्य के साथ रूस के सहयोग से आगे बढ़ेंगे। रूस एडवांस मैटेरियल का बड़ा प्रोड्यूसर है।
-
December 05, 2025 4:44 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत-रूस के बीच मुक्त व्यापार पर वार्ता हुईः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और रूस के बीच फ्री ट्रेड वार्ता हुई। लॉजिस्टिक, कार्गो मूवमेंट बढ़ाएंगे।
-
December 05, 2025 4:43 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
सिविल न्यूक्लियर सेक्टर में प्राइवेट कंपनियों के लिए खुलेंगे द्वारः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि 2 दिनों में राष्ट्रपति पुतिन के साथ सार्थक चर्चाएं हुई हैं। सिविल न्यूक्लियर सेक्टर में भी हम प्राइवेट के लिए द्वार खोलने जा रहे हैं। हम कम समय में बड़ा लक्ष्य हासिल करेंगे।
-
December 05, 2025 4:42 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसरः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी से विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है। पिछले 11 वर्षों में भारत ने तेजी से प्रगति की है। डिफेंस और स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए खोल दिया गया है।
-
December 05, 2025 4:41 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
2030 से पहले ही भारत-रूस 100 बिलियन डॉलर व्यापार लक्ष्य हासिल कर लेंगे-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पुतिन और मैंने पिछले साल 2030 तक 100 बिलियन डॉलर पार करने का लक्ष्य किया था। मगर इसे हम पहले हासिल कर लेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार की अपार संभावनाएं।
-
December 05, 2025 3:59 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को एकजुट होना होगाः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ वार्ता के दौरान बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को एकजुट होना होगा।
-
December 05, 2025 3:50 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत और रूस मिलकर ब्रिक्स, एससीओ जैसे स्वतंत्र और आत्मनिर्भर विदेश नीति का कर रहे संचालनः पुतिन
दिल्लीः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "रूस और भारत ब्रिक्स, एससीओ और वैश्विक बहुमत वाले अन्य देशों में समान विचारधारा वाले देशों के साथ स्वतंत्र और आत्मनिर्भर विदेश नीति का संचालन कर रहे हैं... हम संयुक्त राष्ट्र में निहित कानून के मुख्य सिद्धांत की रक्षा कर रहे हैं।"
-
December 05, 2025 3:47 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पुतिन ने कहा-मौजूदा यात्रा भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी को करेगी गहरा
दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "हमारा देश पिछली आधी सदी से भारतीय सेना को हथियारबंद और आधुनिक बनाने में मदद कर रहा है। कुल मिलाकर हम अभी हुई बातचीत के परिणामों से निस्संदेह संतुष्ट हैं... मैं विश्वास व्यक्त कर सकता हूं कि वर्तमान यात्रा और समझौते दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए रूसी-भारतीय रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने में मदद करेंगे।"
-
December 05, 2025 3:44 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पुतिन ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू का भव्य स्वागत के लिए जताया अभार
दिल्लीः रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मैं रूसी प्रतिनिधिमंडल को दिए गए गर्मजोशी भरे और आतिथ्यपूर्ण स्वागत के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत् मोदी और अपने सभी भारतीय सहयोगियों को धन्यवाद देता हूं...मैं प्रधानमंत्री मोदी को कल अपने आवास पर रात्रिभोज आयोजित करने के लिए धन्यवाद देता हूं।"
-
December 05, 2025 3:07 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट पर पुतिन का बयान
23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, “हम कुडनकुलम में भारत का सबसे बड़ा न्यूक्लियर पावर प्लांट बनाने के लिए एक फ्लैगशिप प्रोजेक्ट चला रहे हैं। छह रिएक्टर यूनिट में से दो पहले ही ग्रिड से जुड़ चुके हैं, जबकि चार और बन रहे हैं। इस प्लांट को पूरी कैपेसिटी से चलाने से भारत की एनर्जी जरूरतों में बड़ा योगदान मिलेगा, जिससे इंडस्ट्रीज और घरों को सस्ती और साफ बिजली मिलेगी। हम छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर, फ्लोटिंग न्यूक्लियर प्लांट और न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी के नॉन-एनर्जी इस्तेमाल पर भी बात कर सकते हैं, जिसमें मेडिसिन और एग्रीकल्चर भी शामिल हैं। हम अपने भारतीय पार्टनर्स के साथ मिलकर नए इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स रूट बनाने पर काम कर रहे हैं, जिसमें रूस और बेलारूस से हिंद महासागर तक इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर भी शामिल है। इस कॉरिडोर के विस्तार के साथ, जिसमें इसका मुख्य लिंक - नॉर्दर्न सी रूट भी शामिल है, दोनों देशों के बीच व्यापार के बड़े मौके हैं।”
-
December 05, 2025 3:00 PM (IST) Posted by Amit Mishra
ट्रेड एग्रीमेंट पर क्या बोले पुतिन?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "पिछले साल, हमारा बाइलेटरल ट्रेड टर्नओवर 12 परसेंट बढ़ा, जो एक नया रिकॉर्ड है। हम अभी उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल का ट्रेड एग्रीमेंट भी उसी शानदार लेवल पर बना रहेगा।"
-
December 05, 2025 2:55 PM (IST) Posted by Amit Mishra
क्या बोले व्लादिमीर पुतिन?
23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "मैं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भारत के प्रधानमंत्री और हमारे सभी भारतीय साथियों को रूसी प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं कल अपने आवास पर डिनर के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं।"
-
December 05, 2025 2:54 PM (IST) Posted by Amit Mishra
टूरिस्ट वीजा पर क्या बोले पीएम मोदी?
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस साल अक्टूबर में, लाखों भक्तों को कलमीकिया में इंटरनेशनल बुद्धिस्ट फोरम में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का आशीर्वाद मिला। मुझे खुशी है कि हम जल्द ही रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीजा और 30 दिन का ग्रुप टूरिस्ट वीजा शुरू करेंगे..."
-
December 05, 2025 2:52 PM (IST) Posted by Amit Mishra
आतंकवाद के खिलाफ हैं भारत और रूस: पीएम मोदी
23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के बाद पीएम मोदी ने कहा, "भारत और रूस लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। चाहे वह पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर कायरतापूर्ण हमला, इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का पक्का मानना है कि आतंकवाद इंसानियत पर सीधा हमला है और इसके खिलाफ दुनिया भर की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत और रूस का UN, G20, BRICS, SCO और दूसरे मंचों पर करीबी सहयोग है। हम इन सभी मंचों पर अपना बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे..."
-
December 05, 2025 2:47 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह'
23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के बाद पीएम मोदी ने कहा, "पिछले 8 दशकों में, दुनिया ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। इंसानियत को कई चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है और इन सबके बीच, भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह चमक रही है..."
-
December 05, 2025 2:45 PM (IST) Posted by Amit Mishra
एनर्जी सिक्योरिटी भारत-रूस पार्टनरशिप का अहम पिलर
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "एनर्जी सिक्योरिटी भारत-रूस पार्टनरशिप का एक मजबूत और अहम पिलर रहा है। सिविल न्यूक्लियर एनर्जी में हमारा दशकों पुराना सहयोग हमारी साझा क्लीन एनर्जी प्राथमिकताओं को पूरा करने में बहुत जरूरी रहा है। हम इस विन-विन सहयोग को जारी रखेंगे। अहम मिनरल्स में हमारा सहयोग दुनिया भर में सुरक्षित और अलग-अलग सप्लाई चेन सुनिश्चित करने के लिए बहुत जरूरी है। यह क्लीन एनर्जी, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और नई उम्र की इंडस्ट्रीज़ में हमारी पार्टनरशिप को मज़बूत सपोर्ट देगा। जहाज़ बनाने में हमारे गहरे सहयोग में मेक इन इंडिया को मजबूत करने की क्षमता है। यह हमारे विन-विन सहयोग का एक और बेहतरीन उदाहरण है, जो रोज़गार, स्किल्स और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा।"
-
December 05, 2025 2:43 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत और रूस का साझा बयान
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता के बाद भारत और रूस ने साझा बयान जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "15 साल पहले, 2010 में, हमारी पार्टनरशिप को एक स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था। पिछले ढाई दशकों से, उन्होंने (राष्ट्रपति पुतिन) अपने नेतृत्व और विज़न से इस रिश्ते को पाला पोसा है। हर हालात में उनके नेतृत्व ने हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मैं अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का इस गहरी दोस्ती और भारत के प्रति अटूट कमिटमेंट के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।"
-
December 05, 2025 2:36 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत और रूस के बीच हुए अहम समझौते
पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई वार्ता में अहम समझौतों पर सहमति बनी है। भारत और रूस के बीच खाद्य, केमिकल, फर्टीलाइजर और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम समझौते हुए हैं।
-
December 05, 2025 2:31 PM (IST) Posted by Shakti Singh
भारत-रूस की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग शुरू
भारत और रूस की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग शुरू हो गई है। हेल्थ और फूड सेफ्टी को लेकर अहम समझौते हुए हैं।
-
December 05, 2025 2:18 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत की ओर से कौन लोग वार्ता में रहे शामिल?
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता जारी है। भारत की ओर से वार्ता में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वाणिज्य और इंडस्ट्री मिनिस्टर पीयूष गोयल, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह शामिल रहे।
-
December 05, 2025 1:57 PM (IST) Posted by Amit Mishra
कई क्षेत्रों में साथ काम कर रहे हैं रूस और भारत
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ वार्ता के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, "पिछले कुछ सालों में आपने हमारे रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए बहुत काम किया है। हम हाईटेक एयरक्राफ्ट, स्पेस एक्सप्लोरेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत सहयोग के लिए और भी एरिया खोल रहे हैं...।"
-
December 05, 2025 1:54 PM (IST) Posted by Amit Mishra
राष्ट्रपति पुतिन ने क्या कहा?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ वार्ता के दौरान कहा, "सबसे पहले, मुझे बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं यूक्रेन में हो रही घटनाओं के बारे में बहुत सारे विवरण शेयर कर सकता हूं। हम US समेत कुछ पार्टनर्स के साथ मिलकर एक संभावित शांतिपूर्ण बयान पर बात कर रहे हैं। इस स्थिति का समाधान ढूंढने में ध्यान देने के लिए धन्यवाद।"
-
December 05, 2025 12:54 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत-रूस के बीच संबंध मजबूत होने चाहिए: पीएम मोदी
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा "दुनिया ने COVID-19 से लेकर अब तक कई संकटों का सामना किया है। हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द दुनिया इन चुनौतियों से आजाद हो जाएगी, और ग्लोबल कम्युनिटी सही दिशा में तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ेगी, और सहयोग की एक नई भाषा को बढ़ावा देगी। मुझे विश्वास है कि आज हम कई महत्वपूर्ण ग्लोबल मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भारत और रूस के बीच आर्थिक संबंध और मजबूत होने चाहिए...।"
-
December 05, 2025 12:48 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत न्यूट्रल नहीं है: पीएम मोदी
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए, पीएम मोदी ने कहा, "हाल के दिनों में, जब भी मैंने ग्लोबल कम्युनिटी के नेताओं से बात की है और इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की है, मैंने हमेशा कहा है कि भारत न्यूट्रल नहीं है। भारत का एक साफ रुख है, और वह रुख शांति के लिए है।"
-
December 05, 2025 12:36 PM (IST) Posted by Amit Mishra
दुनिया एक बार फिर शांति की दिशा में लौटेगी: पीएम मोदी
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जब से यूक्रेन संकट शुरू हुआ है, हम लगातार बातचीत कर रहे हैं। समय-समय पर, आप भी एक सच्चे दोस्त की तरह हमें हर बात की जानकारी देते रहे हैं। मेरा मानना है कि भरोसा एक बहुत बड़ी ताकत है और मैंने इस मामले पर आपसे कई बार बात की है और इसे दुनिया के सामने भी रखा है। देशों की भलाई शांति के रास्ते में है। साथ मिलकर, हम दुनिया को उस रास्ते पर ले जाएंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि हाल के दिनों में किए जा रहे प्रयासों से दुनिया एक बार फिर शांति की दिशा में लौटेगी।"
-
December 05, 2025 12:34 PM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत-रूस संबंध पर क्या बोले पीएम मोदी?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मेरा मानना है कि 2001 में हमने जो भूमिका निभाई थी, वह इस बात का एक बेहतरीन उदाहरण है कि एक दूरदर्शी नेता कैसे सोचता है। वे कहां से शुरू करते हैं और रिश्तों को कितनी दूर तक ले जा सकते हैं। भारत-रूस संबंध इसका सबसे अच्छा उदाहरण हैं।"
-
December 05, 2025 12:29 PM (IST) Posted by Amit Mishra
शांति चाहता है भारत: पीएम मोदी
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत शांति चाहता हैं और हम शांति प्रयासों के साथ खड़ा है।
-
December 05, 2025 12:25 PM (IST) Posted by Amit Mishra
'हम सबको शांति के रास्ते पर चलना है'
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सबको शांति के रास्ते पर चलना है। पीएम मोदी ने कहा कि हम शांति के पक्ष में हैं। भारत शांति प्रयासों के साथ खड़ा है।
-
December 05, 2025 12:19 PM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन-मोदी के बीत शुरू हुई वार्ता
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है।
-
December 05, 2025 12:11 PM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन और पीएम मोदी पहुंचे हैदराबाद हाउस
पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन वार्ता के लिए हैदराबाद हाउस पहुंचे हैं। यहां दोनों नेताओं के बीच अहम वार्ता होगी। वार्ता के बाद बड़े समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते है।
-
December 05, 2025 11:59 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन ने आगंतुक पुस्तिका पर किए हस्ताक्षर, गेस्ट बुक में क्या लिखा?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राजघाट में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान उन्होने गेस्ट बुक में लिखा "आधुनिक भारत के संस्थापकों में से एक, महान दार्शनिक और इंसानियत पसंद महात्मा गांधी ने दुनिया में शांति के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया। आज भी आजादी, अच्छाई और इंसानियत के बारे में उनके विचार अपनी अहमियत नहीं खोए हैं।" महात्मा गांधी ने असल में एक नई, ज्यादा न्यायपूर्ण दुनिया की कल्पना की थी जो अभी बन रही है। लियो टॉल्स्टॉय को लिखे अपने खत में, उन्होंने तानाशाही और दबदबे से आजाद दुनिया के भविष्य के बारे में विस्तार से बताया था, जो लोगों के बीच बराबरी, आपसी सम्मान और सहयोग के सिद्धांतों पर आधारित होगी। ये वही सिद्धांत और मूल्य हैं - बराबरी, सहयोग और आपसी सम्मान - जिनकी रक्षा आज रूस और भारत इंटरनेशनल मंच पर कर रहे हैं।"
-
December 05, 2025 11:51 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के 2 दिवसीय दौरे पर है। पुतिन अपने दौरे के दूसरे दिन राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था।
-
December 05, 2025 11:46 AM (IST) Posted by Amit Mishra
राजघाट पहुंचे पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राजघाट पहुंचे। इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया था।
-
December 05, 2025 11:43 AM (IST) Posted by Amit Mishra
राष्ट्रपति भवन से रवाना हुए पुतिन
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति भवन में एक-दूसरे के देश के गणमान्य लोगों से एक-दूसरे का परिचय कराते हुए दिखे। इसके बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति भवन से रवाना हुए।
-
December 05, 2025 11:31 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन ने किया गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दौरे पर है। पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया है। इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।
-
December 05, 2025 11:29 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। व्लादिमीर पुतिन भारत के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। राष्ट्रपति भवन से राजघाट जाएंगे पुतिन।
-
December 05, 2025 11:18 AM (IST) Posted by Amit Mishra
राष्ट्रपति भवन पहुंचे पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं। यहां पुतिन का स्मवागत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत होगा और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के 2 दिवसीय दौरे पर हैं।
-
December 05, 2025 11:16 AM (IST) Posted by Amit Mishra
एस जयशंकर ने किया पीएम मोदी का स्वागत
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के औपचारिक स्वागत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने उनका स्वागत किया।
-
December 05, 2025 11:14 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पीएम मोदी ने किया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के औपचारिक स्वागत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।
-
December 05, 2025 11:02 AM (IST) Posted by Amit Mishra
राष्ट्रपति भवन पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं। यहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत होगा और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के 2 दिवसीय दौरे पर हैं।
-
December 05, 2025 10:58 AM (IST) Posted by Amit Mishra
'नैचुरल दोस्त हैं भारत और रूस'
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "भारत और रूस नैचुरल दोस्त हैं। हम सब जानते हैं कि भारत और रूस के बीच कैसे रिश्ते हैं। उस रिश्ते की गर्मजोशी कल तब दिखी जब पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन एक साथ दिखे। यह साफ दिखाता है कि आने वाले समय में ना सिर्फ भारत और रूस के बीच ट्रेड रिलेशन मजबूत होंगे, बल्कि कल्चरल और सभ्यताओं के रिश्ते भी अगले लेवल पर जाएंगे।"
-
December 05, 2025 10:55 AM (IST) Posted by Amit Mishra
हैदराबाद हाउस में होगी पुतिन-मोदी की बैठक
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत-रूस सालाना समिट में होंगे शामिल। पुतिन और पीएम मोदी हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वार्ता के दौरान भारत और रूस के बीच डिफेंस और तेल खरीद को लेकर बात होगी।
-
December 05, 2025 10:42 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन के औपचारिक स्वागत की तैयारी
राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारियां चल रही हैं। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर, दिल्ली के LG वीके सक्सेना, CDS जनरल अनिल चौहान और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद हैं।
-
December 05, 2025 10:40 AM (IST) Posted by Amit Mishra
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने क्या कहा?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए पुतिन से बात करनी चाहिए।"
-
December 05, 2025 10:37 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मजबूत होगी भारत और रूस की साझेदारी
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर, शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा, "मुझे लगता है कि भारत-रूस संबंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। यह एक ऐतिहासिक साझेदारी है। आर्थिक, राजनीतिक और रणनीतिक। मेरी राय में, दोनों देशों के बीच जो सांस्कृतिक संबंध हैं, वे भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। रूस में लोग हिंदी फिल्मों और बॉलीवुड के बारे में जानते हैं। दोनों देशों के बीच लंबे समय से रिश्ता रहा है। मुझे यकीन है कि यह साझेदारी कई क्षेत्रों में और मजबूत होगी और मेरा मानना है कि भारत से लेकर आर्कटिक तक, हम मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं।"
-
December 05, 2025 10:32 AM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत-रूस मिलकर साथ बढेंगे
भाजपा सांसद शशांक मणि ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा पर कहा,"बहुत ही अच्छा क्षण हैं। मैं समझता हूं कि हमारे और रूस के संबंध बहुत घनिष्ठ हैं, बहुत दूरगामी है। एक ऐसे स्थिति जहां पर ये दोनों बड़े राष्ट्र एक दूसरे साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे तो भारत के विकसित भारत को वेग मिलेगा, रूस को भी एक संबल मिलेगा, एक ऐसे समय पर जब शायद उसे विश्व ने कटघरे में खड़ा कर रखा है। उसका दोस्त भारत उनके साथ खड़ा है...।"
-
December 05, 2025 10:29 AM (IST) Posted by Amit Mishra
दुनिया में सबसे ज्यादा ट्रैक हुआ पुतिन का विमान
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विमान जब रूस से उड़कर भारत आ रहा था तो उसे इंटरनेट पर करीब 48 हजार से ज्यादा लोग LIVE ट्रैक कर रहे थे। एक-एक पल पर लोग देख रहे थे कि पुतिन अभी कहां पहुंचे हैं और किस रास्ते से नई दिल्ली जा रहे हैं। पुतिन के विमान RSD369 ने मॉस्को से उड़ान भरी थी। भारतीय एयरस्पेस में दाखिल होने से पहले प्लेन ने कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर उड़ान भरी। पाकिस्तान के पंजाब से होते हुए यह विमान राजस्थान के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था।
-
December 05, 2025 10:26 AM (IST) Posted by Amit Mishra
'रूस ने हमेशा भारत का साथ दिया'
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर, बीजेपी सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा, "भारत और रूस के रिश्ते हमेशा से दोस्ताना रहे हैं। जब भारत कमजोर स्थिति में था, तब भी रूस ने हमारा मजबूती से और खुलकर साथ दिया और आज भी हमारे साथ खड़ा है। हम भी रूस के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमारे प्रधानमंत्री भी राष्ट्रपति पुतिन से मिल रहे हैं। हमारे सभी रिश्ते, चाहे वह डिफेंस के क्षेत्र में हों या दूसरे क्षेत्रों में, और भी मजबूत होंगे।"
-
December 05, 2025 10:18 AM (IST) Posted by Amit Mishra
खास है रूस-भारत द्वारा मिलकर बनाया गया ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम
DRDO के पूर्व वैज्ञानिक रवि कुमार गुप्ता ने कहा, "रूस और भारत द्वारा मिलकर बनाया गया ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम कई मायनों में दुनिया का एक अनोखा हथियार सिस्टम रहा है। दुनिया ने कई मौकों पर ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम की ताकत देखी है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावशाली हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा गया, जब ब्रह्मोस दुश्मन के इलाके में काफी अंदर तक हमला करने और मनचाहे लक्ष्य हासिल करने में कामयाब रहा, जो शायद दुनिया का कोई और हथियार सिस्टम नहीं कर पाता...इसलिए, यह बहुत स्वाभाविक है कि दोनों देश इस अनोखे रिश्ते को जारी रखें और इस मिसाइल सिस्टम के और भी एडवांस्ड वर्जन बनाने के लिए काम करते रहें...जब हम ज्यादा एडवांस्ड वर्जन की तलाश करेंगे, तो हम कई तरह के वॉरहेड की उम्मीद करेंगे। इसलिए, आपसी सहयोग को और बढ़ाने की जरूरत है...।"
-
December 05, 2025 10:10 AM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत-रूस संबंधों पर चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने क्या कहा?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत और रूस ने मिलकर दुनिया को ये संदेश दिया है कि दोनों में से कोई भी देश अलग-थलग नहीं है। दोनों देशों पर अमेरिका के प्रतिबंधों और दबावों के सफल होने की संभावना बेहद कम है।
-
December 05, 2025 10:06 AM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत-रूस बैठक, टीम में कौन-कौन हैं शामिल?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूसी सरकार के 7 पावरफुल मंत्री भी भारत आए हैं। इनमें रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोउसॉव, कृषि मंत्री ऑक्साना लूत, स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराश्को, परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन, आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेत्निकोव, वित्त मंत्री एंतोन सिलुआनोव और गृह मंत्री व्लादिमीर कोलोकॉल्तसेव शामिल हैं। इसके साथ ही 100 कारोबारियों का डेलिगेशन रूसी राष्ट्रपति के साथ भारत आया है।
-
December 05, 2025 9:55 AM (IST) Posted by Amit Mishra
खास है 23वां भारत-रूस सालाना समिट
दिल्ली में 23वें भारत-रूस सालाना समिट की तैयारी के लिए राजधानी दिल्ली में इंडिया गेट और कर्तव्य पथ इलाकों में भारतीय और रूसी राष्ट्रीय झंडों के साथ बोर्ड और फ्लेक्स लगाए गए हैं। अपनी 2 दिन की राजकीय यात्रा (4-5 दिसंबर 2025) के दौरान, पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे, बड़े व्यापार और रक्षा समझौतों पर चर्चा करेंगे बिजनेस मीटिंग में हिस्सा लेंगे।
-
December 05, 2025 9:51 AM (IST) Posted by Shakti Singh
राजघाट जाएंगे पुतिन
थोड़ी देर में राष्ट्रपति पुतिन राजघाट पहुंचेंगे, उनके आने से पहले तैयारी पूरी कर ली गई है। अकबर रोड से लेकर राजघाट जाने वाली रोड और प्रगति मैदान की रोड पर जगह पर आर्मी सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं।
-
December 05, 2025 9:44 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मोदी-पुतिन का याराना सालों पुराना
पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन का याराना सालों पुराना है। दोनों की पहली मुलाकात 24 साल पहले हुई थी, तब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और पुतिन रूस के राष्ट्रपति। 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने मॉस्को का दौरा किया था। इस दौरान भारत-रूस के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। इस बैठक को भारत-रूस संबंधों की मजबूत नींव के तौर पर देखा जाता है। अटल बिहार वाजपेयी के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भी मॉस्को पहुंचे थे।
-
December 05, 2025 9:36 AM (IST) Posted by Amit Mishra
Flightradar24 ने किया बड़ा खुलासा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दोरे पर पूरी दुनिया की नजर है। ग्लोबल एविएशन वॉचर्स में पुतिन के विमान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला है। फ्लाइट ट्रैकिंग साइट Flightradar24 ने राष्ट्रपति पुतिन के प्लेन को दुनिया की मोस्ट ट्रैक्ड फ्लाइट बताया है।
-
December 05, 2025 9:28 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ट्रेड-डिफेंस-एनर्जी, किन समझौतों पर लगेगी मुहर?
राष्ट्रपति पुतिन और पीएम मोदी के बीच में हैदराबाद हाउस में मुलाकात होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच दो अहम मुलाकात होनी हैं। एक क्लोज डोर बैठक है, जिसमें मोदी और रूसी राष्ट्रपति के अलावा बेहद चुनिंदा व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। दूसरी बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। इस दौरान S-400, Su-57, तेल व्यापार, लेबर मोबिलिटी, ट्रेड बैलेंस और रणनीतिक साझेदारी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद कई बड़े समझौतों पर साइन होंगे।
-
December 05, 2025 9:18 AM (IST) Posted by Amit Mishra
रूस ने पहुंचाई न्यूक्लियर फ्यूल की पहली खेप
रूस ने तमिलनाडु के कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्लांट में तीसरे रिएक्टर की शुरुआती लोडिंग के लिए न्यूक्लियर फ्यूल की पहली खेप पहुंचा दी है। न्यूक्लियर फ्यूल की डिलीवरी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचने के साथ हुई।
-
December 05, 2025 8:04 AM (IST) Posted by Amit Mishra
भारत और रूस में है ग्रोथ की गुंजाइश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर BRICS+ एनालिटिक्स के फाउंडर और रशियन इंटरनेशनल अफेयर्स काउंसिल (RIAC) के मेंबर यारोस्लाव लिसोवोलिक ने कहा , "...यह (राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा) दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों के विकास में एक बहुत बड़ा कदम है। हमने पिछले कुछ सालों में आपसी व्यापार और ट्रेड टर्नओवर में बहुत significant बढ़ोतरी देखी है। पिछले साल के आखिर तक व्यापार लगभग $70 बिलियन तक पहुंच गया था। यह पिछले सालों की तुलना में बहुत बड़ी बढ़ोतरी है। लेकिन आगे और ग्रोथ की काफी गुंजाइश है...।"
-
December 05, 2025 7:45 AM (IST) Posted by Amit Mishra
ऐसे हो रहा पुतिन का स्वागत
दिल्ली में ITC मौर्या के बाहर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत करने वाले फ्लेक्स बोर्ड और रूस के राष्ट्रीय झंडे लगाए गए हैं। राष्ट्रपति पुतिन 23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के लिए भारत के राजकीय दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान, वह पीएम मोदी के साथ बातचीत करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगी और आज उनके सम्मान में एक बैंक्वेट होस्ट करेंगी।
-
December 05, 2025 7:32 AM (IST) Posted by Amit Mishra
क्या बोले फन एंड सन के कमर्शियल डायरेक्टर?
फन एंड सन के कमर्शियल डायरेक्टर यारोस्लाव स्टेपान्यूक ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर कहा, "हम अपनी ट्रैवल कंपनी के लिए नई जगहों पर विस्तार करने सहित अपने बिजनेस के सभी हिस्सों को बढ़ाने के लिए तैयार हैं।"
-
December 05, 2025 6:54 AM (IST) Posted by Amit Mishra
मोदी पुतिन एक कार में चले, जमाना जले तो जले
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल ने कहा मीडिया पर लिखा, ‘‘अपने मित्र राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। उनके साथ होने वाली बातचीत को लेकर आशान्वित हूं। भारत-रूस मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है जिससे दोनों देशों के लोगों को बहुत लाभ हुआ है।’’
-
December 05, 2025 6:49 AM (IST) Posted by Amit Mishra
अमेरिका ने लगाया टैरिफ, रूस का व्यापार पर जोर
रूसी राष्ट्रपति की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-अमेरिका संबंध पिछले 2 दशकों में संभवतः सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं ओर अमेरिका ने भारतीय सामान पर भारी 50 प्रतिशत शुल्क लगाया है, जिसमें रूस से कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत कर भी शामिल है। पुतिन की इस यात्रा का व्यापक उद्देश्य खासकर ऐसे समय में भारत-रूस सामरिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना है, जब भारत के अमेरिका के साथ संबंधों में तीव्र गिरावट आई है। शिखर वार्ता में भारत द्वारा रूस से कच्चा तेल खरीदने पर अमेरिकी प्रतिबंध के असर पर चर्चा होने की संभावना है।
-
December 05, 2025 6:39 AM (IST) Posted by Amit Mishra
जब भारत पहुंचे पुतिन, देखें VIDEO
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बृहस्पतिवार शाम को करीब 27 घंटे के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। पुतिन के भारत पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेता हवाई अड्डे से मोदी की कार में निकले और प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पहुंचे। देखें वीडियो।
-
December 05, 2025 6:35 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पीएम मोदी और पुतिन के बीच होगी वार्ता
पीएम नरेंद्र नोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता होगी। इस वार्ता में दोनों देशों के संबंधों को और व्यापक बनाने के लिए ठोस परिणाम सामने आने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का मुख्य विषय रक्षा संबंधों को मजबूत करना, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबाव से सुरक्षित रखना और छोटे मॉड्यूलर संयंत्रों में सहयोग की संभावनाओं की तलाश जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगा।
-
December 05, 2025 6:31 AM (IST) Posted by Amit Mishra
क्या बोले विदेशी मामलों के विशेषज्ञ
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे पर, विदेशी मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव ने कहा, "राष्ट्रपति पुतिन का दौरा दुनिया के मामलों में बहुत ही गंभीर और जरूरी समय पर हो रहा है। आज की दुनिया, पुरानी विश्व व्यवस्था टूट रही है। एक नया विश्व मैट्रिक्स बन रहा है। सभी देश इस नए वैश्विक परिदृश्य में नई साझेदारी कर रहे हैं। इस माहौल में, भारत पर पश्चिमी दबाव और बेशक राष्ट्रपति पुतिन पर पश्चिमी दबाव के बावजूद रूस और भारत के नेताओं से मिलना यह दिखाता है कि ये दोनों देश दुनिया की सोच की परवाह किए बिना अपने रिश्तों को बढ़ाने और गहरा करने पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं।"
-
December 05, 2025 6:28 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट की गीता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक प्रति भेंट की है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक प्रति भेंट की। गीता की शिक्षाएं दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरणा देती हैं।’’
-
December 05, 2025 6:25 AM (IST) Posted by Amit Mishra
पुतिन का भारत दौरा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन 2 दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार की शाम भारत पहुंचे। पुतिन का विमान शाम करीब 7 बजे नई दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर अपने दोस्त पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे। दोनों नेताओं ने पहले हाथ मिलाया और फिर एक दूसरे के गले मिले।