Saudi Arabia Bus Accident: सऊदी अरब में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ हुआ है। हादसे में 42 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई है। मृतकों में ज्यादातर श्रद्धालु हैदराबाद के थे। हादसा उस वक्त हुआ जब मक्का से मदीना जा रही एक यात्री बस और डीजल टैंकर की भीषण टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक दुर्घटना मुफरिहत इलाके में हुई है। हादसे के बाद इमरजेंसी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।मृतकों में हैदराबाद के 17 पुरुष, 28 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। इस हादसे में एक ही परिवार के 18 लोगों की मौत हुई है। शोएब नाम का एक शख्स इस हादसे में बच गया। घायल शोएब का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
सऊदी अरब में हुई भीषण दुर्घटना पर सीएम रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मक्का से मदीना जाते समय हुई इस दुर्घटना और इसमें हैदराबाद के निवासियों के भी शामिल होने की प्रारंभिक जानकारी पर तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पूरी जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख
सऊदी अरब में हुए हादसे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रियाद स्थित दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "सऊदी अरब के मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा दुख पहुंचा है। रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
बस में मौजूद लोगों की लिस्ट
सऊदी अरब में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के दौरान बस में मौजूद लोगों के नामों की लिस्ट सामने आ गई है। बस में मौजूद लोगों की सूची आप नीचे देख सकते हैं।
Image Source : india tvUMRAH PILGRIMAGE PASSENGERS DETAILS
बस में लग गई आग
बस में सवार सभी भारतीय यात्री उमरा की धार्मिक यात्रा पूरी कर मदीना की ओर जा रहे थे। ज्यादातर लोग नींद में थे, तभी साइड से आ रहे डीजल टैंकर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। मौके पर पहुंची सऊदी रेस्क्यू टीमों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया है। कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर हैं।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
सऊदी अरब में मदीना के पास भारतीय उमरा यात्रियों के साथ हुई एक दुखद बस दुर्घटना को देखते हुए जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। मक्का-मदीना हाईवे उमरा और हज यात्रियों का सबसे व्यस्त मार्ग है। इसी रूट से हर साल हजारों भारतीय यात्रा करते हैं।
पहले भी हुए हैं हादसे
बता दें कि, सऊदी अरब में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। साल 2023 में हुए ऐसे हादसे में 20 लोग मारे गए थे। मक्का-मदीना हाईवे पर वाहनों की संख्या अधिक रही है जो कई बार एक्सीडेंट का कारण बनती है।
यह भी पढ़ें:
शेख हसीना के खिलाफ आज आएगा कोर्ट का फैसला, ढाका में प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश
पाकिस्तान: बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को बम से उड़ाने की कोशिश, रेलवे ट्रैक पर हुआ विस्फोट, ट्रेन पर रॉकेट भी दागे
Latest World News