पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भारत को एक बार फिर गीदड़भभकी दी है। एक बार फिर आसिम मुनीर झूठे दावे करते नजर आए और पाकिस्तानी सेना को लेकर कसीदे पढ़ते नजर आए। आसिम मुनीर ने जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय के सामने न सिर्फ अपनी सेना की तारीफों के पुल बांधे, बल्कि भारत को भी धमकी दे दी है। मुनीर ने कहा कि पाकिस्तानी सेना अल्लाह की फौज है और जब मुसलमान अल्लाह पर भरोसा करता है तो दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी भी मिसाइल में बदल जाती है। उन्होंने कहा कि अगर फिर से किसी ने पाकिस्तान पर युद्ध थोपा तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।
आसिम मुनीर ने किया झूठा दावा
पाकिस्तानी अखबार दैनिक जंग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के सम्मान में आयोजित लंच में शामिल होने पहुचे आसिम मुनीर ने भारत के साथ मई में हुए चार दिवसीय संघर्ष का जिक्र किया और भारत के साथ हुए संघर्ष में पाकिस्तान की जीत का झूठा दावा किया और कहा कि पाकिस्तानी सेना ने भारत के हमलों का मजबूती से मुकाबला किया और करारा जवाब दिया।
अल्लाह हमें अपना सिर ऊंचा रखने में मदद की
आसिम मुनीर ने कहा, 'भारत के साथ युद्ध में अल्लाह ने हमें अपना सिर ऊंचा रखने में मदद की और यही वजह है कि जब मुसलमान अपने अल्लाह पर भरोसा करता है तो दुश्मन पर फेंकी गई मिट्टी मिसाइल में बदल जाती है।' मुनीर ने कहा, 'हम अल्लाह के आदेश से अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं और अल्लाह की मदद से ही पाकिस्तान ने अपने दुश्मन का मुकाबला किया। पाकिस्तान की सेना अल्लाह की फौज है और हमारे सैनिक अल्लाह के नाम पर दुश्मन से लड़ते हैं।'
मुनीर ने जॉर्डन को दिया दिलासा
आसिम मुनीर ने जॉर्डन के साथ पाकिस्तान के रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जताई है। उन्होंने सैन्य सहयोग बढ़ाने और शांतिपूर्ण क्षेत्र के आपसी दृष्टिकोण को संयुक्त रूप से साकार करने के लिए पाकिस्तान की ओर से सभी कदम उठाने का भरोसा भी दिया। जॉर्डन किंग अब्दुल्ला द्वितीय अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दिन के लिए पाकिस्तान के दौरे पर आए थे। उनके दौरे का मकसद दोनों देशों में रक्षा सहयोग बढ़ाना है।
ये भी पढ़ें:
गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई से किस राज्य की पुलिस किस केस में करेगी पूछताछ? यहां देखें पूरी लिस्ट
Anmol Bishnoi Extradition: अमेरिका से भारत लाया गया लॉरेंस बिश्नोई का गैंगस्टर भाई अनमोल, जानें किन मामलों में होगी पूछताछ
Latest World News