1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान ने उत्तर कोरिया की नाक के नीचे कर दिया बड़ा कांड, दिखाई ताकत

दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान ने उत्तर कोरिया की नाक के नीचे कर दिया बड़ा कांड, दिखाई ताकत

अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान ने उत्तर कोरिया के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करते हुए संयुक्त अभ्यास किया है। इस दौरान दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के सैन्य अधिकारियों ने अहम बैठक भी की है।

America, South Korea and Japan Exercises- India TV Hindi
Image Source : AP America, South Korea and Japan Exercises

सियोल: उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच तनातनी जगजाहिर है। इस बीच दक्षिण कोरिया ने अपने सहयोगियों अमेरिका और जापान के साथ मिलकर कुछ ऐसा कर दिया है जिससे उत्तर कोरिया का भड़कना तय है। इतना ही नहीं इस दौरान दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने उत्तर कोरिया से क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली सभी गैर-कानूनी गतिविधियां रोकने को कहा है।

उड़ाए गए लड़ाकू विमान

दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान उत्तर कोरिया के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के लिए संयुक्त अभ्यास के तहत उन्नत लड़ाकू विमान भी उड़ाए हैं। संयुक्त अभ्यास शुक्रवार को रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की उत्तर कोरिया की यात्रा से पहले किया गया है। रूस और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य एवं अन्य सहयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिसकी वजह से उनके पड़ोसी देशों में चिंता बढ़ गई है।

दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के अधिकारियों ने की बैठक

दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के सैन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को सियोल में अपनी नियमित बैठक की। इस बैठक के दौरान सैन्य अधिकारियों ने यूक्रेन के खिलाफ जंग में उत्तर कोरिया की संभावित रणनीति और रूस को दी जा रही मदद को लेकर भी बात की। तीनों शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘उन्होंने उत्तर कोरिया से कोरियाई प्रायद्वीप, हिंद-प्रशांत और उससे आगे के क्षेत्र को अस्थिर करने वाली सभी गैर-कानूनी गतिविधियों को तुरंत बंद करने का आग्रह किया है। साथ ही उत्तर कोरिया की धमकियों का जवाब देने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने का संकल्प लिया है।’’

Image Source : apSouth Korea, America and Japan top military officials meeting

उत्तर कोरिया ने दी थी धमकी

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास के लेकर उत्तर कोरिया कई बार विरोध जता चुका है। हाल ही में उत्तर कोरिया ने धमकी दी थी कि अगर अमेरिका की ओर से दक्षिण कोरिया में लंबी दूरी के बमवर्षक विमान उड़ाए गए तो जवाबी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर कोरिया का मानना है कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया इस प्रकार का सैन्य अभ्यास उस पर हमले की तैयारी के लिए करते हैं।

क्या कहता है उत्तर कोरिया?

गौरतलब है कि, अमेरिका और दक्षिण कोरिया नियमित रूप से संयुक्त सैन्य अभ्यास करते रहे हैं। संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर दोनों देशों का कहना है कि यह सुरक्षा के लिए है। भले ही अमेरिका और दक्षिण कोरिया की ओर से कुछ भी कहा जाता रहा हो लेकिन, उत्तर कोरिया इसे आक्रमण के अभ्यास के तौर पर देखता है। अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश मिसाइल और हथियारों के निर्माण संबंधी उत्तर कोरिया के प्रयासों को क्षेत्र के लिए गंभीर खतरे के रूप में देखते हैं। वहीं, उत्तर कोरिया अपने परमाणु जखीरे को आधुनिक बनाने के लिए हथियारों का लगातार परीक्षण कर रहा है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ईरान ने फ्रांसीसी-जर्मन नागरिक साइकिल चालक को हिरासत में लिया, जानें क्या बताई वजह

VIDEO: रूस ने यूक्रेन पर फिर कर दी ड्रोन और मिसाइलों की बरसात, राजधानी कीव में मचा कोहराम

Latest World News