A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. दक्षिण कोरिया की ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कम से कम 53 लोग हुए घायल

दक्षिण कोरिया की ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कम से कम 53 लोग हुए घायल

दक्षिण कोरिया में ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लगी है। आग की चपेट में आने से 50 से अधिक लोग घायल हो गए है। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या बढ़ सकती है।

South Korea Fire- India TV Hindi
Image Source : AP South Korea Fire

South Korea Fire: दक्षिण कोरिया के शहर डेजॉन में एक ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में शुक्रवार को आग लगने से कम से कम 53 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है। शहर के फायर चीफ नाम ड्यूक-वू ने बताया कि इनमें से 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अधिकारी कम से कम 14 अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि आग लगने के समय वो फैक्ट्री के अंदर ही थे।

आग लगने के कारणों का पता नहीं

अधिकारी तुरंत इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए कि घायलों में से किसी की मौत हुई है या नहीं। घटनास्थल से मिले वीडियो में फैक्ट्री परिसर से घना, भूरे रंग का धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था। आग लगने की सूचना दोपहर करीब 1:17 बजे मिली। नाम ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तुरंत पता नहीं चल पाया है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि आग बहुत तेजी से फैली। प्रत्यक्षदर्शियों ने कथित तौर पर एक धमाके की आवाज भी सुनी थी।

तबाह हो गई इमारत

अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग की वजह से फैक्ट्री की एक इमारत पूरी तरह से तबाह हो गई। दमकलकर्मी इमारत के अंदर नहीं जा पाए, क्योंकि उन्हें इस बात का डर था कि इमारत ढह सकती है। दमकलकर्मियों का मुख्य ध्यान आग को पास की दूसरी फैक्ट्री तक फैलने से रोकने और घटनास्थल से रसायनों को हटाने पर केंद्रित था।

इमारत से कूद गए लोग

नाम ने बताया कि कुछ लोग इमारत से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य धुएं से बुरी तरह प्रभावित हुए। पुलिस अभी भी लापता 14 लोगों के मोबाइल फोन सिग्नल ट्रैक कर रही है। आग बुझाने वाले 250 से अधिक दमकलकर्मी, पुलिस और अन्य आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया था, साथ ही लगभग 100 वाहन और उपकरण भी लगाए गए थे। राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने आग पर काबू पाने और बचाव कार्यों में सहायता के लिए कर्मियों और उपकरणों को पूरी तरह से जुटाने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें:

ट्रंप का पर्ल हार्बर वाला जवाब, वो पल जब असहज हो गईं जापान की पीएम सानाए ताकाइची; देखें VIDEO

ईरान की सरकारी मीडिया ने जारी किया नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई का वीडियो, तारीख का पता नहीं

Latest World News