दुबई: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा तब हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने सेना को आदेश दिया है कि वो जलडमरूमध्य में ईरान की छोटी नावों पर गोली चलाएं और उन्हें नष्ट कर दें। वहीं, तेहरान ने ट्रंप के इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है कि ईरान में नेतृत्व को लेकर कोई मतभेद है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और संसद के स्पीकर मोहम्मद बघेर गालिबफ ने सोशल मीडिया पर लगभग एक जैसे बयान जारी करते हुए लिखा "ईरान में कोई कट्टरपंथी या नरमपंथी नहीं हैं, हम सभी ईरानी और क्रांतिकारी हैं।"
होर्मुज स्ट्रेट में प्रभावित हुआ व्यापार
फिलहाल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाला लगभग सभी तरह का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शांति के समय में दुनिया के कुल तेल व्यापार का 20 प्रतिशत हिस्सा इसी जलडमरूमध्य से होकर गुज़रता है और फिलहाल जो स्थिति बनी है उससे कई देशों के सामने ईंधन संकट गहराता जा रहा है।
ईरान में किसके हाथ है कमान?
28 फरवरी को जंग शुरू होने के साथ ही इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी। अली खामेनेई की मौत के बाद से यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान में नागरिक और सेना की शक्तियों पर अंतिम अधिकार किसके पास है। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई भी अब तक सार्वजनिक रूप से ईरानी जनता के सामने नहीं आए हैं। उन्होंने सिर्फ संदेश ही जारी किए हैं जिन्हें सरकारी टेलिविजन पर पढ़ा गया है।
ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी अधिकारियों से की बात
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, ईरान के शीर्ष राजनयिक ने अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे युद्ध में संघर्ष विराम को लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की है। शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से बात की। अराघची के बयान में कहा गया कि इन नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों और संघर्ष विराम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की, हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
यह भी पढ़ें:
ट्रंप ने इधर किया इजरायल-लेबनान में सीजफायर बढ़ाने का ऐलान, उधर IDF और हिजबुल्लाह ने कर दिया एक दूसरे पर हमला
Latest World News