इमरान खान के बेटे कासिम ने किया सनसनीखेज पोस्ट, कहा-"मेरे पिता के जीवित होने का कोई सुबूत नहीं"
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। इस बीच उनके बेटे कासिम खान ने अपनी एक पोस्ट से सनसनी फैला दी है।

रावलपिंडीः पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जीवित होने को लेकर सस्पेंस और भी ज्यादा गहरा गया है। पिछले 3 हफ्ते से इमरान खान के बारे में उनके परिवार और परिजनों को कोई खबर नहीं दी गई है। पाकिस्तान के सोशल मीडिया और जापानी मीडिया में इमरान खान की जेल में मौत होने की खबरें आग की तरह फैल रही हैं। इस बीच उनके बेटे कासिम खान ने अपनी एक पोस्ट से एक्स पर खलबली मचा दी है। कासिम ने एक्स पर लिखा है कि उनके पिता के जीवित होने का कोई सुबूत नहीं है। स्थिति स्पष्ट की जाए। इससे बड़ी अनहोनी की आशंका जन्म ले रही है।
जेल के बाहर धरने पर बढ़े सीएम सोहेल
खैबरपख्तूनख्वा राज्य के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी बृहस्पतिवार को जब इमरान से मिलने अडियाला जेल पहुंचे तो उन्हें मिलने से रोक दिया गया। मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि उन्हें इमरान खान से जेल में मिलने से मना कर दिया गया। इसलिए वह जेल के बाहर ही धरने पर बैठ गए हैं। पिछले कई दिनों से इमरान खान की मौत होने की अफवाहें पाकिस्तान से लेकर विदेशी मीडिया तक में हाहाकार मचा रही हैं। इमरान खान की पार्टी पीटीआई की खैबरपख्तूनख्वा में सरकार है। सोहेल अफरीदी इमरान खान की पार्टी के इकलौते मुख्यमंत्री हैं। मगर उन्हें भी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार ने मिलने से रोक दिया है।
मुनीर पर इमरान की हत्या का आरोप
इमरान खान का परिवार और पीटीआई के कार्यकर्ता शहबाज शरीफ और पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर पर इमरान खान की जेल में ही हत्या करवाने का आरोप लगा रहे हैं। पिछले कई दिनों से हजारों इमरान समर्थक अडियाला जेल के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। अब धीरे-धीरे यह प्रदर्शन अन्य शहरों में भी फैलता जा रहा है।
बेटे कासिम ने क्या लिखा?
कासिम ने लिखा, "मेरे पिता 845 दिनों से गिरफ़्तार हैं। पिछले छह हफ़्तों से, उन्हें बिना किसी पारदर्शिता के एकांत कारावास में रखा गया है। अदालत के स्पष्ट आदेश में परिवार को उनसे मिलने की इजाज़त है, बावजूद बहनों को मिलने से वंचित रखा गया है। कोई फ़ोन कॉल नहीं हुई, कोई मुलाक़ात नहीं हुई और उनके जीवित होने का कोई सबूत नहीं मिला। मेरा और मेरे भाई का अपने पिता से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। यह पूरी तरह से ब्लैकआउट कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल नहीं है। यह उनकी हालत छिपाने और हमारे परिवार को यह जानने से रोकने की एक जानबूझकर की गई कोशिश है कि वे सुरक्षित हैं या नहीं।
अंतराराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान
कासिम ने लिखा कि यह स्पष्ट कर दें: मेरे पिता की सुरक्षा और इस अमानवीय अलगाव के हर परिणाम के लिए पाकिस्तानी सरकार और उसके संचालक कानूनी, नैतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह से जवाबदेह होंगे। मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय, वैश्विक मानवाधिकार संगठनों और हर लोकतांत्रिक आवाज़ से तत्काल हस्तक्षेप करने का आह्वान करता हूँ। उनके जीवित होने का प्रमाण मांगें, अदालत के आदेश के अनुसार पहुंच सुनिश्चित करें, इस अमानवीय अलगाव को समाप्त करें और पाकिस्तान के सबसे लोकप्रिय राजनीतिक नेता की रिहाई की मांग करें, जिन्हें सिर्फ़ राजनीतिक कारणों से हिरासत में रखा गया है।
Live updates : Imran Khan death Rumors Live: अडियाला जेल में इमरान की मौत की फैली अफवाह
-
November 27, 2025 5:58 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इमरान खान की सेहत पर सीनेट में मांगी जा रही जानकारी
पाकिस्तान की सीनेट में पीटीआई के नेता इमरान खान की सेहत के बारे में जानकारी मांग रहे हैं। इस पर जोरदार बहस चल रही है। सीनेट के सदस्य फैसल जावेद ने कहा कि इमरान आइसोलेशन में हैं। बावजूद सियासी ड्रामा किया जा रहा है।
-
November 27, 2025 5:57 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इमरान खान को आइसोलेशन में रखा गया-फैसल जावेद का दावा
पाकिस्तान की सीनेट में फैसल जावेद ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि इमरान खान को आइसोलेशन में रखा गया है।
-
November 27, 2025 5:53 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इमरान खान को लेकर पाकिस्तान की सीने में भारी हंगामा
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को लेकर पूछे गए सवाल पर सीनेट में भारी हंगामा शुरू हो गया है। पाकिस्तान में नेशनल असेंबली की बैठक चल रही है।
-
November 27, 2025 5:31 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान में आपातकाल लगाए जाने की आशंका तेज
पाकिस्तान में इमरान खान की सेहत को लेकर फैली अफवाह के बीच आपातकाल की घोषणा किए जाने की आशंकाएं तेज हो गई हैं।
-
November 27, 2025 5:17 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी का बड़ा ऐलान, कहा-जनता इमरान के लिए सड़कों पर उतरेगी
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से अडियाला जेल में मुलाकात नहीं कर पाने के बाद खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जनता इमरान के लिए सड़कों पर उतरेगी।
-
November 27, 2025 5:16 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान में थोड़ी ही देर में शुरू होने वाली है नेशनल असेंबली की मीटिंग
पाकिस्तान में इमरान खान की मौत की अफवाह फैलने के बाद शाम साढ़े पांच बजे नेशनल असेंबली की बड़ी बैठक होने जा रही है। इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत अन्य बड़े नेता मौजूद होंगे।