खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच हजारों भारतीय नागरिक फंसे, दूतावासों ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, देखें पूरी लिस्ट
अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमलों के बाद खाड़ी देशों में तनाव बढ़ गया है, जिससे हजारों भारतीय फंस गए हैं। UAE, सऊदी अरब, जॉर्डन, कतर, बहरीन और अन्य देशों में भारतीय दूतावासों ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने को कहा है।
दुबई: अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद ईरान और आसपास के इलाकों में तनाव बढ़ गया है। इस वजह से खाड़ी के कई देशों में भारतीय दूतावासों ने अपने नागरिकों को बहुत सावधानी बरतने की सलाह दी है। यूएई, सऊदी अरब, जॉर्डन समेत कई देशों के दूतावासों ने कहा है कि स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करें और जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त हमला किया, जिससे पूरे इलाके में तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया। इस हमले के बाद ईरान की पैरामिलिट्री ने इजरायल पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। वहीं, खाड़ी के कई देशों में स्थित अमेरिकी अड्डों पर भी ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन्स से हमला किया।
सैकड़ों भारतीय नागरिक हवाई अड्डों पर फंसे
बढ़ते तनाव के बीच इराक और यूएई ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। दुबई के 2 एयरपोर्ट्स को बंद कर दिया गया, जो दुनिया का सबसे बड़ा एविएशन हब है। इस वजह से कई भारतीय नागरिक हवाई अड्डों या अन्य जगहों पर फंस गए हैं। दूतावास इन फंसे हुए लोगों से संपर्क में हैं। ईरान में भारतीय दूतावास और इजरायल के तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से तुरंत रजिस्टर करने को कहा है, ताकि मदद जल्दी पहुंचाई जा सके। इजरायल में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा के लिए सलाह दी गई है कि वे बहुत सावधानी बरतें और घर के अंदर रहें।
विभिन्न दूतावासों के संपर्क सूत्र और हेल्पलाइन नंबर
ईरान पर हमले के बाद खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच विभिन्न भारतीय दूतावासों ने अपने हेल्पलाइन नंबर और संपर्क सूत्र जारी कर दिए हैं:
- इजरायल में स्थित दूतावास ने कहा, 'भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे इजरायल में जरूरी न हो तो यात्रा न करें। स्थानीय समाचार, सरकारी घोषणाएं और इमरजेंसी अलर्ट पर नजर रखें।' इजरायल में स्थित दूतावास ने संपर्क के लिए 24x7 हेल्पलाइन नंबर +972-54-7520711 और ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in दिया है।
- UAE में अबू धाबी के भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे बिना जरूरत यात्रा न करें, सावधान रहें, सतर्क रहें और यूएई अधिकारियों तथा दूतावास की सलाह का पालन करें। अबू धाबी दूतावास और दुबई कांसुलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। संपर्क के लिए टोल फ्री नंबर 800-46342, व्हाट्सएप नंबर +971543090571 और ईमेल pbsk.dubai@mea.gov.in तथा ca.abudhabi@mea.gov.in दिए गए हैं। शाम को एक और सलाह में कहा गया कि दूतावास यूएई अधिकारियों और एयरलाइंस से संपर्क में है, ताकि हवाई क्षेत्र बंद होने से फंसे भारतीय यात्रियों की मदद की जा सके। यूएई सरकार और एयरलाइन अधिकारियों ने पूरी मदद का भरोसा दिया है।
- सऊदी अरब के रियाद में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और देश में मौजूद सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। दूतावास ने कहा, 'स्थानीय अधिकारियों और दूतावास की सलाह का पालन करें।' रियाद दूतावास और जेद्दा कांसुलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अपडेट देंगे। इमरजेंसी संपर्क के लिए 24x7 हेल्पलाइन नंबर 00-966-11-4884697, व्हाट्सएप नंबर 00-966-542126748 और टोल फ्री नंबर 800 247 1234 दिए गए हैं। ईमेल cw.riyadh@mea.gov.in है।
- जॉर्डन के अम्मान में भारतीय दूतावास ने सलाह दी है कि क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक और पर्यटक बहुत सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करें। दूतावास ने कहा, 'जॉर्डन में सभी भारतीय पर्यटकों को सलाह है कि वे तुरंत देश छोड़ दें, इससे पहले कि कमर्शियल उड़ानें बाधित हों।' जॉर्डन में फंसे लोगों के लिए संपर्क नंबर 00962-770 422 276 दिया गया है।
- बहरीन के मनामा में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से सावधानी बरतने और दूतावास तथा स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करने को कहा है। दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है। क्षेत्रीय स्थिति को देखते हुए 24x7 हेल्पलाइन नंबर 00973-39418071 दिया गया है।
- फिलिस्तीन के रमल्ला में भारत का प्रतिनिधि कार्यालय ने सभी भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय सुरक्षा तथा इमरजेंसी प्रक्रियाओं का पालन करने को कहा है। कार्यालय ने कहा, 'सावधानी बरतें और बिना जरूरत बाहर न घूमें।' इमरजेंसी के लिए संपर्क नंबर +970592916418 और ईमेल repoffice@mea.gov.in तथा cons.ramallah@mea.gov.in दिए गए हैं।
- ओमान के मस्कट में भारतीय दूतावास ने सुल्तानेट ऑफ ओमान में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों से बिना जरूरत यात्रा न करने, सावधान रहने, सतर्क रहने और ओमानी अधिकारियों तथा भारतीय दूतावास की सलाह का पालन करने को कहा है। संपर्क के लिए टोल फ्री नंबर 8007 1234, व्हाट्सएप नंबर +968 9828 2270 और ईमेल cw.muscat@mea.gov.in तथा cons.muscat@mea.gov.in दिए गए हैं।
- कतर के दोहा में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से सावधानी बरतने और दूतावास तथा स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करने को कहा है। दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है। 24x7 हेल्पलाइन नंबर 00974-55647502 और ईमेल cons.doha@mea.gov.in दिया गया है।
भारत ने किया तनाव बढ़ने से रोकने का आग्रह
ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किये गए संयुक्त सैन्य हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव को बढ़ने से रोकने का शनिवार को आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए। बता दें कि यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर दबाव बढ़ाने के बाद हुआ, जहां उन्होंने तेहरान से नई परमाणु डील के लिए कहा था। हमले से पहले ट्रंप ने ईरानी लोगों से अपनी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था।
