प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भेजी चिट्ठी में PM मोदी ने क्या लिखा था, जो भारत-बांग्लादेश को फिर बना सकता है दोस्त
बांग्लादेश के नये प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले तारिक रहमान को पीएम मोदी ने शुभकामनाओं वाली चिट्ठी भेजी थी। इसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तारिक रहमान को हाथों में सौंप और उन्हें पीएम मोदी का संदेश सुनाया।
नई दिल्लीः बांग्लादेश के नये प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भेजवाई गई पीएम मोदी की चिट्ठी में दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में गंभीर और भावात्मक रूप से जोड़ने वाली बातें लिखी गई हैं। 20 साल बाद सत्ता में लौटी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान 36 साल बाद बांग्लादेश के पहले पुरुष प्रधानमंत्री बन गए हैं। तारिक रहमान के शपथ ग्राहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्यौता मिला था, लेकिन इंडिया एआई इंपैक्ट एक्सपो-2026 में व्यस्तता के चलते उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा था। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने समकक्ष तारिक रहमान को ओम बिरला के हाथों एक चिट्ठी भी भेजवाई थी, जिसमें पीएम मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को मजूबत करने वाली बातें लिखी हैं। आइये आपको बताते हैं कि इस चिट्ठी में क्या-क्या है?
तारिक को भेजी पीएम मोदी की चिट्ठी में क्या है?
पीएम मोदी ने लिखा एक्सीलेंसी, "बांग्लादेश में हाल ही में संपन्न संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत तथा आपको बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किए जाने पर मैं आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। इस उच्च पद की जिम्मेदारियां संभालते हुए आपको हर सफलता की कामना करता हूं। आपकी यह जीत बांग्लादेश की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में रखे गए विश्वास एवं भरोसे का प्रमाण है तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में देश को आगे बढ़ाने के आपके दृष्टिकोण के लिए उनका जनादेश है। दो निकट पड़ोसी देशों के रूप में भारत और बांग्लादेश के बीच साझा इतिहास, सांस्कृतिक संबंध तथा हमारे लोगों की शांति एवं समृद्धि की आकांक्षाओं पर आधारित गहरी मित्रता है। हमारे-अपने-अपने विकास प्राथमिकताओं के बीच मजबूत समन्वय हमारे भविष्य के सहयोग के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में कार्य करेगा।"
पीएम मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की जाहिर की इच्छा
तारिक रहमान को लिखी चिट्ठी में पीएम मोदी ने आगे लिखा है, "मैं हमारे बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने तथा कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा तथा सांस्कृतिक एवं जन-जन संपर्क जैसे व्यापक क्षेत्रों में हमारे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ निकटता से कार्य करने की प्रतीक्षा कर रहा हूं। दो तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं और महत्वाकांक्षी समाजों के रूप में भारत और बांग्लादेश एक-दूसरे के सतत विकास के लिए वास्तव में उत्प्रेरक बन सकते हैं, एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए कार्य कर सकते हैं तथा पारस्परिक समृद्धि को सक्षम बना सकते हैं।
तारिक रहमान को भारत आने के लिए किया आमंत्रित
मैं इस अवसर पर आपको, डॉ. जुबैदा रहमान तथा आपकी पुत्री जैमा के साथ, किसी सुविधाजनक समय पर भारत की यात्रा पर आमंत्रित करता हूं। भारत में आपके लिए हार्दिक स्वागत तैयार है। कृपया मेरी सर्वोत्तम शुभकामनाएं स्वीकार करें। आपके सुस्वास्थ्य, सफलता तथा बांग्लादेश की जनता की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि की कामना के साथ नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री भारत। "
यह भी पढ़ें
भारत के साथ चलने को राजी हुआ कनाडा, India AI Impact Expo में होगा शामिल
