1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. न कोई चोरी, न तोड़फोड़... हैकर्स ने घर बैठे फ्रीजर को बना दिया 'भट्ठी', स्वीडन से बेल्जियम तक सुपरमार्केट में हड़कंप; सड़ गया करोड़ों का खाना

न कोई चोरी, न तोड़फोड़... हैकर्स ने घर बैठे फ्रीजर को बना दिया 'भट्ठी', स्वीडन से बेल्जियम तक सुपरमार्केट में हड़कंप; सड़ गया करोड़ों का खाना

स्वीडन, बेल्जियम और लक्जमबर्ग और एस्टोनिया के सुपरमार्केट में साइबर अटैक से हड़कंप मच गया है। हमलावरों ने सुपरमार्केटों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम निशाना बनाया, जिससे फ्रिज का तापमान बढ़ गया और लाखों यूरो का खाना खराब हो गया।

सुपरमार्केट में फ्रिज...- India TV Hindi
Image Source : AP सुपरमार्केट में फ्रिज में रखा खाना हुआ खराब।

यूरोप के कई देशों में सुपरमार्केट की रेफ्रिजरेशन व्यवस्था पर साइबर हमले का मामला सामने आया है। स्वीडन, बेल्जियम, लक्जमबर्ग और एस्टोनिया में सोमवार को कई सुपरमार्केट के फ्रिज और फ्रीजर अचानक खराब हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, साइबर हमलावरों ने इन दुकानों के कूलिंग सिस्टम को हैक कर उनका तापमान बढ़ा दिया, जिसके कारण खाद्य पदार्थों के खराब होने का खतरा पैदा हो गया। कुछ सुपरमार्केट को खराब सामान फेंकना भी पड़ा।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पिछले महीने फ्रांस में भी इसी तरह का साइबर हमला हुआ था। उस दौरान हैकर्स ने सैकड़ों सुपरमार्केट और स्वतंत्र दुकानों के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को रिमोट के जरिए अपने नियंत्रण में ले लिया था और उनका तापमान बढ़ा दिया था।

स्वीडन में ICA और Coop के स्टोर प्रभावित

स्वीडन की प्रमुख सुपरमार्केट चेन ICA ग्रुप के प्रवक्ता गुस्ताफ निल्सन ने समाचार एजेंसी TT को बताया कि रात के दौरान उनके कुछ स्टोर साइबर घटना से प्रभावित हुए। इस घटना के कारण दुकानों के रेफ्रिजरेशन और फ्रीजिंग सिस्टम में समस्या आई। हालांकि, उन्होंने प्रभावित दुकानों की सटीक संख्या बताने से इनकार कर दिया।

Image Source : apकरोड़ों का खाद्य सामान सड़ गया।

दक्षिणी स्वीडन के स्जोबो स्थित ICA Kvantum स्टोर ने अपने फेसबुक पेज पर बताया कि उसके फ्रिज और फ्रीजर हैक कर लिए गए थे और उनका तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया गया। स्टोर ने बताया कि प्रभावित खाद्य उत्पादों को हटाने और नष्ट करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, Coop सुपरमार्केट चेन के मध्य स्वीडन स्थित छह स्टोर में भी फ्रिज और फ्रीजर से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।

बेल्जियम और लक्जमबर्ग में भी असर

बेल्जियम की Delhaize सुपरमार्केट चेन ने बताया कि उसके कई दर्जन स्टोर के रेफ्रिजरेशन सिस्टम प्रभावित हुए हैं। इनमें ज्यादातर स्टोर बेल्जियम में हैं, जबकि कुछ पड़ोसी देश लक्जमबर्ग में भी प्रभावित हुए हैं। कंपनी की प्रवक्ता सारा डी मीस्टर के मुताबिक, प्रभावित दुकानों में ताजा और फ्रोजन खाद्य उत्पादों की उपलब्धता फिलहाल सीमित हो गई है। हालांकि, कंपनी के वितरण केंद्र सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और दुकानों तक सामान की सप्लाई प्रभावित नहीं हुई है।

इसी तरह, बेल्जियम में Carrefour ने बताया कि उसके 700 से ज्यादा स्टोर में से केवल 15 स्टोर पर साइबर हमले का बेहद सीमित असर पड़ा है।

Image Source : ap50 डिग्री तक गर्म हुए फ्रीजर।

एस्टोनिया में भी फ्रीजर का तापमान 50 डिग्री पहुंचा दिया

एस्टोनिया में भी एक सुपरमार्केट का कूलिंग सिस्टम साइबर हमले की चपेट में आया। प्रभावित तकनीक बनाने वाली कंपनी Kitman Coldtech के CEO जान मुत्सो ने बताया कि हमलावरों ने रेफ्रिजरेशन सिस्टम को नियंत्रित करने वाले कंप्यूटर तक पहुंच बनाई और तापमान बढ़ाकर 50 डिग्री सेल्सियस कर दिया।

हालांकि, उन्होंने प्रभावित स्टोर का नाम बताने से इनकार किया। उनके मुताबिक, हमले का कुछ ही मिनटों में जवाब दे दिया गया और इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। वहीं, Selver सुपरमार्केट चेन ने पुष्टि की कि उसका एक स्टोर प्रभावित हुआ था।

पुराने सिस्टम को निशाना बना रहे हैं हैकर्स

फ्रांस में पिछले महीने हुए हमलों की शुरुआती जांच में संकेत मिले थे कि साइबर हमलावर पुराने रेफ्रिजरेशन सिस्टम को निशाना बना रहे थे। अब यूरोप के 4 और देशों में इसी तरह की घटनाएं सामने आने से सुपरमार्केट की डिजिटल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि हमलावर बिना किसी दुकान में घुसे दूर बैठकर ही उसके फ्रिज और फ्रीजर का तापमान बदलने में सक्षम हैं।

(इनपुट- AP)

यह भी पढ़ें-

ChatGPT को भी हैक किया जा सकता है, 3 भारतीय लड़कों ने लगाई सेंध, गिनाई कमियां

Latest World News