Alaska Trump Putin Meeting Details: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बीते शुक्रवार (15 अगस्त 2025) को अलास्का में अहम बैठक हुई थी। अब इस बैठक को लेकर अजीब लेकिन अहम पहलू सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि पुतिन जब अलास्का में ट्रंप से मिलने आए थे उस दौरान उनके साथ 'पूप सूटकेस' भी था। यह सूटकेस किसी दस्तावेज या हथियार को रखने के लिए नहीं था, बल्कि इसमें मानव मल-मूत्र रखा जाता है।
वापस ले जाते हैं वेस्ट
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पुतिन नहीं चाहते हैं कि उनकी कथित बीमारियों के बारे में किसी को पता चले। इसी वजह से उनका मल अपशिष्ट किसी और देश में नहीं छोड़ा जा सकता था। जब भी रूसी राष्ट्रपति विदेश दौरे पर होते हैं तो उनके बॉडीगार्ड्स के पास 'पूप सूटकेस' होता है। बॉडीगार्ड उनके वेस्ट को वापस रूस ले जाते हैं। 2007 के बाद पहली बार था जब किसी रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिका का दौरान किया था। ऐसे में उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
FPS के पास होता है पूरा जिम्मा
इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट रेजिस जेंट और मिखाइल रूबिन का हवाला देते हुए पैरिस मैच और एक्सप्रेस यूएस ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि रूसी राष्ट्रपति की फेडरल प्रोटेक्शन सर्विस (FPS) उनके ह्यूमन वेस्ट को इकट्ठा कर लेती हैं। इसे एक स्पेशल बैग में रखा जाता है और वापस रूस भेज दिया जाता है। साल 2017 में राष्ट्रपति पुतिन ने फ्रांस का दौरा किया था, उस दौरान भी इस तरह की रिपोर्ट सामने आई थी।
किस बात का रहता है डर?
पुतिन को डर रहता है कि विदेशी ताकतें उनके वेस्ट सैंपल से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल कर सकती हैं। विएना दौरे के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने पोर्टेबल टॉयलेट का इस्तेमाल किया था। बताया गया कि साल 1999 में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद से ही राष्ट्रपति पुतिन के लिए यह प्रोटोकॉल तैयार कर दिया गया था।
क्या बीमारियों से जूझ रहे हैं पुतिन?
गौरतलब है कि, बीते साल नवंबर में कजाकिस्तान के अस्ताना में राष्ट्रपति पुतिन अपने पैर झटकते हुए नजर आए थे। इसके अलावा कई बार ऐसी खबरें भी सामने आई हैं जिसमें उनको खून की उल्टियां होने की बात कही गई थी। एक्सप्रेस यूएस की रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें पर्किंसन जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारी हो सकती है। हालांकि, क्रेमलिन ने पुतिन की बीमारियों को लेकर किए गए दावों को पूरी तरह से नकारा है।
यह भी पढ़ें:
जान जाए तो जाए बस जेब भर जाए! जानें क्यों पर्वतारोहियों की मौत के बाद भी बेपरवाह है पाकिस्तान
चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें पूरा कार्यक्रम
Latest World News