1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें पूरा कार्यक्रम

चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें पूरा कार्यक्रम

 Published : Aug 18, 2025 11:06 am IST,  Updated : Aug 18, 2025 11:06 am IST

चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार को 2 दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान चीनी विदेश मंत्री पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। चलिए आपको बताते हैं कि भारत दौरे पर चीन के विदेश मंत्री का पूरा कार्यक्रम क्या रहने वाला है।

चीनी विदेश मंत्री वांग यी- India TV Hindi
चीनी विदेश मंत्री वांग यी Image Source : AP

Chinese Foreign Minister Wang Yi India Visit: गलवान में हुए संघर्ष के बाद भारत और चीन के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलती हुई नजर आ रही है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी का सोमवार से 2 दिवसीय भारत दौरा शुरू हो रहा है। अपनी यात्रा को दौरान वांग यी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी है। मंगलवार को होने वाली यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि यह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मोदी की चीन की प्रस्तावित यात्रा से कुछ दिन पहले होगी। 

वांग यी की अहम मुलाकातों के बारे में जानें?

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले वांग विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ अलग-अलग वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों पक्ष सीमा की स्थिति, व्यापार और उड़ान सेवाओं की बहाली सहित कई प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। चीनी विदेश मंत्री की यात्रा को दोनों पड़ोसियों की ओर से संबंधों को सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। 

क्यों अहम है वांग यी का भारत दौरा?

गलवान घाटी में 2020 में हुई सैन्य संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच संबंध निचले स्तर तक पहुंच गए थे। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि वांग की यात्रा के दौरान दोनों पक्ष विवादित सीमा पर स्थायी शांति और स्थिरता के लिए नए विश्वास-निर्माण उपायों पर चर्चा कर सकते हैं। वांग की यात्रा को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘टैरिफ’ लगाने संबंधी निर्णय से भारत-अमेरिका संबंधों में बढ़ते तनाव के बीच हो रही है। 

वांग यी के दौरे के पूरा कार्यक्रम

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी विवरण के अनुसार, चीनी विदेश मंत्री सोमवार शाम लगभग 4:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। शाम लगभग छह बजे वह एस जयशंकर से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वांग और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल मंगलवार को 11 बजे सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि (एसआर) वार्ता का नया संस्करण आयोजित करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वांग मंगलवार शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी से उनके 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात करेंगे। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

'जल्द टूट सकता है भारत-पाकिस्तान का संघर्ष विराम, हम हर रोज रखते हैं इस पर नजर', अमेरिका का बड़ा बयान

चीन ने फिर दिखाई चालबाजी! पाकिस्तान को सौंपी हंगोर क्लास की तीसरी पनडुब्बी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश