A
Hindi News विदेश यूरोप 91 ड्रोनों से पुतिन के घर पर हमले का दावा, जेलेंस्की की आई प्रतिक्रिया- "कोरा झूठ है यह"

91 ड्रोनों से पुतिन के घर पर हमले का दावा, जेलेंस्की की आई प्रतिक्रिया- "कोरा झूठ है यह"

रूसी विदेश मंत्री ने दावा किया कि 29 दिसंबर की रात यूक्रेन ने नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाकर एक आतंकवादी ड्रोन हमला किया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की ओर से कुल 91 ड्रोन दागे गए थे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की- India TV Hindi Image Source : PTI यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक बेहद गंभीर मोड़ ले लिया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि 29 दिसंबर की रात यूक्रेन ने नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाकर एक आतंकवादी ड्रोन हमला किया।

91 ड्रोन मार गिराने का दावा

लावरोव के अनुसार, यूक्रेन की ओर से कुल 91 ड्रोन दागे गए थे। लावरोव ने स्पष्ट किया कि रूसी हवाई रक्षा प्रणालियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राष्ट्रपति आवास की ओर बढ़ रहे सभी 91 ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया। इस हमले में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इसे सीधे रूसी नेतृत्व पर हमला माना जा रहा है।

"जवाबी कार्रवाई का समय और लक्ष्य तय"

विदेश मंत्री लावरोव ने यूक्रेन की इस कार्रवाई को 'दुस्साहस' करार देते हुए कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, "ऐसी लापरवाह हरकतों को बिना जवाब के नहीं छोड़ा जाएगा। रूसी सशस्त्र बलों ने जवाबी हमलों के लिए लक्ष्यों और उनके निष्पादन के समय को पहले ही निर्धारित कर लिया है।"

लावरोव ने कहा कि यूक्रेन द्वारा 'राज्य आतंकवाद' की नीति अपनाने के कारण अब रूस अपनी वार्ता स्थिति की समीक्षा करेगा।

पुतिन के आवास पर हमले की कहानी कोरा झूठ: ज़ेलेंस्की

वहीं, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव द्वारा लगाए गए ड्रोन हमले के आरोपों पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ज़ेलेंस्की ने इन दावों को "रूसी झूठ" और "मनगढ़ंत कहानी" करार दिया है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस एक बार फिर खतरनाक बयानों का सहारा ले रहा है, ताकि राष्ट्रपति ट्रंप की टीम के साथ किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर किया जा सके। उन्होंने कहा, "कथित 'आवास पर हमले' की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत है। इसका उद्देश्य कीव सहित यूक्रेन पर और अधिक हमलों को सही ठहराना और युद्ध खत्म करने से इंकार करना है।"

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन ऐसा कोई कदम नहीं उठाता जिससे कूटनीति को नुकसान पहुंचे। इसके विपरीत, रूस हमेशा ऐसे कदम उठाता है। उन्होंने याद दिलाया कि रूस पहले भी कीव और कैबिनेट मंत्रियों की इमारत को निशाना बना चुका है।

ज़ेलेंस्की ने जानकारी दी कि उन्होंने जर्मनी के नए चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से बात की है। उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम के साथ फ्लोरिडा में हुई बैठक के परिणामों के बारे में जानकारी दी। हमने रूस द्वारा फैलाए जा रहे इस झूठ पर भी चर्चा की, जिसे मॉस्को कूटनीति को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल कर रहा है।"

उन्होंने दुनिया से अपील की कि वह इस मुद्दे पर चुप न रहे। उन्होंने कहा, "पुतिन को इस वास्तविकता को स्वीकार करना होगा कि उन्हें युद्ध, हमले और रक्तपात को रोकना ही होगा। यूक्रेन शांति के लिए सबकुछ कर रहा है। रूस को युद्ध के नए बहाने खोजने के बजाय सुरक्षा बहाल करने पर सोचना चाहिए।"

ये भी पढ़ें-

चीन की "क्रॉस बॉर्डर ब्राइड मैचमेकिंग" का पर्दाफाश, नेपाली लड़कियों को पैसे से अपनी दुल्हन बनाकर फिल्माते थे अंतरंग VIDEO

VIDEO: भारत के खौफ से बुरी तरह डरा पाकिस्तान का फील्ड मार्शल, बुलेटप्रूफ जैकेट और शीशे के पीछे छुपा फिर रहा मुनीर

Latest World News