A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. तुर्की के एक स्कूल में छात्र ने फिर की अंधाधुंध फायरिंग, 9 की मौत; घायल हुए 13 लोग

तुर्की के एक स्कूल में छात्र ने फिर की अंधाधुंध फायरिंग, 9 की मौत; घायल हुए 13 लोग

तुर्की में एक बार फिर स्कूल में गोलीबारी हुई है। स्कूल में छात्र ने ही फायरिंग की है। गोलीबारी की इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 13 लोग घायल हुए हैं।

Turkey Police- India TV Hindi
Image Source : AP Turkey Police

Turkey School Firing: दक्षिण-पूर्वी तुर्की के एक स्कूल में बुधवार को एक छात्र ने 2 क्लासरूम में अंधाधुंध गोलीबारी की। फायरिंग में 9 लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 13 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने फायरिंग की इस घटना के बारे में जानकारी दी है। काहरमनमारस प्रांत के गवर्नर मुकर्रम उनलुअर ने बताया कि गोलीबारी करने वाला छात्र भी मारा गया है। वह अपने पिता की बंदूकें लेकर स्कूल आया था। गोलीबारी करने वाले छात्र के पिता रिटायर्ड पुलिस अधिकारी थे। उसके पास 5 हथियार और 7 मैगजीन थीं। 2 दिनों में देश में गोलीबारी की यह दूसरी ऐसी घटना है।

टीचर और छात्रों की हुई मौत

गवर्नर मुकर्रम उनलुअर ने ने बताया कि मारे गए लोगों में एक टीचर और 3 छात्र शामिल थे। हमले का मकसद तुरंत पता नहीं चल पाया है। मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि काहरमनमारस के ओनिकीसुबात जिले में स्थित स्कूल में गोलीबारी के बाद अधिकारियों ने वहां पुलिस और एम्बुलेंस को भेजा है। सरकारी ब्रॉडकास्टर, TRT ने हालिया हमलावर की पहचान ईसा अरास मर्सिनली के रूप में की और बताया कि उसके पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर तुर्की के न्याय मंत्रालय ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

हाई स्कूल में हुई थी गोलीबारी

इस घटना से एक दिन पहले मंगलवार को ही पास के सानलिउरफा प्रांत के एक हाई स्कूल में एक पूर्व छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में 16 लोग घायल हो गए थे। घायलों में ज्यादातर छात्र थे। यहां स्कूल में गोलीबारी करने के बाद पूर्व छात्र ने खुद को भी गोली मार ली थी। हाई स्कूल में हुए हमले में 10 छात्र, 4 शिक्षक, कैंटीन का एक कर्मचारी और एक पुलिस अधिकारी घायल हुए थे। गवर्नर ने बताया कि ज्यादातर घायलों का इलाज सिवेरेक में ही चल रहा है। घायल शिक्षकों और छात्रों में से 5 को प्रांतीय राजधानी के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

यह भी पढ़ें:

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- 'खत्म होने के करीब है ईरान के साथ जंग'

ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को लेकर छिड़ा घमासान, रूस ने बताया क्या है उसका प्लान

Latest World News