A
Hindi News विदेश यूरोप रूसी हमलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को मिला खास हथियार, जानें किसने की मदद

रूसी हमलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को मिला खास हथियार, जानें किसने की मदद

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इस बीच यूक्रेन को रूसी हमलों के खिलाफ अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां प्राप्त हुई हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुद इस बारे में जानकारी दी है।

Patriot Air Defense System- India TV Hindi Image Source : AP Patriot Air Defense System

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन में जारी जंग के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा बयान दिया है। जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के हमलों का मुकाबला करने में मदद के लिए यूक्रेन को अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां प्राप्त हुई हैं। इस बीच रूस की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में एक शख्स की मौत हो गई है और उसके परिवार के 5 सदस्य घायल हो गए हैं, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं।

जंग में हजारों लोगों की हुई मौत

रूस और यूक्रेन के बीच जंग में अब तक हजारों लोग मारे गए हैं। रूस ने सर्दियों में नागरिकों को पानी की आपूर्ति और तापानुकूलन प्रणाली से वंचित करने के लिए ऊर्जा आपूर्ति को भी निशाना बनाया है। साथ ही यूक्रेन के नव विकसित ड्रोन और मिसाइलों के औद्योगिक उत्पादन को भी बाधित किया गया है। अब माना जा रहा है कि पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां रूसी मिसाइलों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार साबित होंगी।

Image Source : apPatriot Air Defense System

जेलेंस्की ने क्या कहा?

जेलेंस्की ने पश्चिमी साझेदारों से इन्हें और अधिक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, लेकिन उत्पादन की सीमाओं और भंडार बनाए रखने की आवश्यकता के कारण इनकी आपूर्ति की रफ्तार धीमी है। जेलेंस्की ने कहा, “अधिक पैट्रियट अब यूक्रेन में हैं और उन्हें अभियान में लगाया जा रहा है। बेशक, हमारे राष्ट्र के पूरे भूभाग में शहरों की सुरक्षा के लिए और अधिक प्रणालियों की आवश्यकता है।” उन्होंने पैट्रियट के लिए जर्मनी और उसके चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का आभार व्यक्त किया। जर्मनी ने 3 महीने पहले कहा था कि वह यूक्रेन को 2 और पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां देगा। पैट्रियट प्रणालियां केवल अमेरिका में ही बनाई जाती हैं। नाटो यूक्रेन को बड़े हथियारों की नियमित आपूर्ति का समन्वय कर रहा है। 

अमेरिका के पास है हथियारों का भंडार

यूरोपीय सहयोगी और कनाडा ज्यादातर उपकरण अमेरिका से खरीद रहे हैं, जिसके पास तैयार सैन्य सामग्री का बड़ा भंडार है, साथ ही ज्यादा प्रभावी हथियार भी हैं। ट्रंप प्रशासन पिछले बाइडेन प्रशासन के विपरीत यूक्रेन को बड़े पैमाने पर हथियारों की सप्लाई नहीं कर रहा है। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रविवार से सोमवार तक रात में यूक्रेन पर विभिन्न प्रकार की 12 मिसाइलें और 138 हमलावर ड्रोन दागे। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी सूमी क्षेत्र में रूसी ड्रोन एक घर पर गिरा। (एपी)

यह भी पढ़ें:

ट्रंप ने किया बड़ा खुलासा, बोले- 'पाकिस्तान सक्रिय रूप से कर रहा है परमाणु हथियारों का परीक्षण'

अमेरिका में 'शटडाउन' के बीच ट्रंप ने दिखाए सख्त तेवर, बोले- 'डेमोक्रेट्स के आगे नहीं झुकूंगा'

Latest World News