यूक्रेन की राजधानी कीव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक बंदूकधारी ने एक सुपरमार्केट में कुछ लोगों को बंधक बना लिया। उसने बाद में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि बाद में पुलिस ने हमलावर को मार गिराया। घटना की जानकारी देते हुए यूक्रेनी गृह मंत्रालय के प्रमुख इहोर क्लिमेंको ने बताया कि पुलिस के विशेष दस्ते ने बंधक बनाने वाले व्यक्ति से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन बातचीत विफल होने के बाद पुलिस टीम ने स्टोर में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि बंदूकधारी द्वारा गिरफ्तारी का विरोध किए जाने पर पुलिस ने उसे मार गिराया।
पुलिस ने 40 मिनट तक की बात
दरअसल, ये घटना यूक्रेन के होलोसिव्स्की जिले में हुई। इहोर क्लिमेंको ने एक बयान में कहा पुलिस वार्ताकारों ने इमारत पर धावा बोलने से पहले हमलावर से लगभग 40 मिनट तक बात की। उन्होंने कहा, “हमें पता था कि अंदर कोई घायल व्यक्ति हो सकता है, इसलिए हमने उसे समझाने की कोशिश की। हमने खून रोकने के लिए पट्टी लाने की पेशकश भी की, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। नतीजतन, उसे काबू करने का आदेश दिया गया। सुपरमार्केट में घुसने से पहले बंदूकधारी ने सड़क पर चार राहगीरों को मार डाला था और फिर पांचवें व्यक्ति को भी मार डाला। वहीं मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि छठी पीड़ित, एक युवती, की अस्पताल में चोटों के कारण मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
इहोर क्लिमेंको ने बताया कि "उस व्यक्ति के पास एक कार्बाइन थी, जो कानूनी रूप से पंजीकृत थी। इसके अलावा, पिछले साल दिसंबर 2025 में, उसने लाइसेंसिंग अधिकारियों से संपर्क किया था ताकि लाइसेंस की अवधि समाप्त होने पर हथियार का परीक्षण कराया जा सके। उसने एक मेडिकल सर्टिफिकेट भी दिया था। उसने हथियार के लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए आवेदन भी जमा किया था। अभी के लिए हम बस इतना ही कह सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि जांच से पता चलेगा कि किस चिकित्सा संस्थान ने सर्टिफिकेट जारी किया था।
यह भी पढ़ें-
ट्रंप के बयान को लेकर पोप लियो ने दी प्रतिक्रिया, बोले- 'बहस करने में कोई रूचि नहीं'
Latest World News