रोम: इटली में चोरों ने वाइन की करीब 30 हजार बोतलें चुराकर सबको हैरान कर दिया है। इनकी कीमत करीब 50 लाख यूरो (लगभग 54 करोड़ रुपये) बताई गई है। चोरों ने चोरी को अंजाम देने के लिए पहले वाइनरी का अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे बंद किए, फिर दो बड़े ट्रकों में महंगी वाइन भरकर फरार हो गए। कंपनी ने इसे इटली में अब तक की सबसे बड़ी वाइन चोरी बताया है। बता दें कि इससे पहले यूरोप में किटकैट की चोरी का भी मामला सामने आ चुका है।
टस्कनी की वाइनरी को बनाया निशाना
यह चोरी इटली के टस्कनी क्षेत्र में अरेज्जो प्रांत के कोर्टोना के पास स्थित मार्चेसी एंटिनोरी की वाइनरी में हुई। कंपनी के मुताबिक, शनिवार रात कम से कम 7 चोरों के एक गिरोह ने यहां धावा बोला और इटली की कुछ सबसे महंगी वाइन की बोतलें चुरा लीं। चोरी का पता सोमवार को चला, लेकिन कंपनी ने जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए शुक्रवार को सार्वजनिक रूप से इसकी जानकारी दी। चोरी हुई वाइन में सोलेया (Solaia), तिग्नानेलो (Tignanello) और ग्वाडो अल तासो (Guado al Tasso) जैसे मशहूर ब्रांड शामिल हैं।
चोरों ने ऐसे दिया चोरी को अंजाम
कंपनी के CEO रेंजो कोटारेला ने बताया कि चोरों ने वाइनरी में घुसने से पहले उसका अलार्म सिस्टम और निगरानी कैमरे बंद कर दिए। इसके बाद वे 2 बड़े ट्रकों के साथ परिसर में दाखिल हुए। चोरों ने वाइनरी में मौजूद कंपनी के फोर्कलिफ्ट यानी सामान उठाने वाली मशीनों की मदद से बोतलें ट्रकों में लादीं और रात के अंधेरे में फरार हो गए। कोटारेला के मुताबिक, इस चोरी को अंजाम देने वाला गिरोह काफी तैयारी के साथ आया था। उन्होंने कहा,
'यह निश्चित रूप से बहुत अच्छी तैयारी करने वाला गिरोह है। हो सकता है कि इस गिरोह ने पिछले कुछ महीनों में इटली की दूसरी वाइनरियों को भी निशाना बनाया हो। इटली में इस तरह की इतनी बड़ी और इतनी अधिक कीमत वाली चोरी पहले कभी नहीं हुई।'
150 से 500 यूरो तक थी एक बोतल की कीमत
चोरी की गई सभी बोतलें साल 2023 में तैयार की गई वाइन की हैं। इनकी खुदरा कीमत आम तौर पर 150 से 500 यूरो (करीब 16,200 से 54,000 रुपये) प्रति बोतल के बीच है। कुल 30 हजार बोतलों की अनुमानित कीमत 50 लाख यूरो (लगभग 54 करोड़ रुपये) है। इनमें करीब 10 हजार बोतलें सोलेया वाइन की थीं, जो एंटिनोरी कंपनी के सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित उत्पादों में शामिल है। कोटारेला ने 2023 को इस वाइन के लिए असाधारण साल बताया।
1385 में शुरू हुई थी वाइन की यह कंपनी
मार्चेसी एंटिनोरी कंपनी की स्थापना साल 1385 में हुई थी। एंटिनोरी परिवार पिछले 26 पीढ़ियों से इस कारोबार को संभाल रहा है। कंपनी ने चोरी के बाद दुनिया भर में अपने ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोटारेला ने कहा,
'हम दुनिया भर में अपने ग्राहकों को इसकी जानकारी दे रहे हैं और उनसे अपील कर रहे हैं कि वे आधिकारिक बिक्री माध्यमों के बाहर मिलने वाले किसी भी ऑफर को लेकर सावधान रहें।'
कंपनी को आशंका है कि चोर इन महंगी बोतलों को आधिकारिक बिक्री व्यवस्था से बाहर बेचने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए ग्राहकों को असामान्य ऑफर मिलने पर सतर्क रहने को कहा गया है।
दो ट्रकों में वाइन ले जाना आसान नहीं
चोरी के मामले की जांच पुलिस और काराबिनिएरी यानी इटली की राष्ट्रीय पुलिस बल की टीमें कर रही हैं। जांच अधिकारी CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि चोरी की गई वाइन कहां ले जाई गई और उसे बेचने की कोशिश कहां हो सकती है। कोटारेला ने भरोसा जताया कि जांचकर्ता चोरी की खेप का पता लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वाइन की 2 ट्रक भरकर खेप को बिना किसी की नजर में आए इधर-उधर ले जाना मुश्किल होगा।
2017 में भी हुई थी महंगी वाइन की बड़ी चोरी
इटली में इससे पहले भी महंगी वाइन की चोरी के बड़े मामले सामने आ चुके हैं। साल 2017 में एड्रियाटिक समुद्र के किनारे बसे पर्यटन शहर चेर्विया के पास एक गोदाम से चोर करीब 2,000 दुर्लभ वाइन की बोतलें चुरा ले गए थे। उस चोरी में बोतलों की कीमत करीब 7.5 लाख यूरो (लगभग 8.1 करोड़ रुपये) आंकी गई थी। हालांकि, इस बार चोरी हुई बोतलों की संख्या और कुल कीमत दोनों ही उससे कहीं ज्यादा हैं। मार्चेसी एंटिनोरी कंपनी ने मौजूदा घटना को इटली के इतिहास में वाइन की सबसे बड़ी चोरी बताया है। (AP से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: इस देश में सड़क पर बहने लगी 22 लाख लीटर रेड वाइन, भरे कई घरों के बेसमेंट, सामने आया Video
Latest World News