टोरंटो: कनाडा के संसदीय चुनाव में लिबरल पार्टी के जस्टिन ट्रूडो ने भारी जीत हासिल की है। जस्टिन ट्रूडो कनाडा के नए प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे। वहीं, सबसे बड़ी बात यह है कि इस चुनाव में भारतीय मूल के 19 प्रत्याशी विजयी रहे, जिनमें 17 पंजाबी मूल के है। कनाडा की संसद में इस बार भारतीय कनाडाइयों की संख्या दोगुनी हो गई है। भारतीयों में लिबरल पार्टी के 15, कंजरवेटिव पार्टी के 3 और न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के एक को जीत मिली।
338 सीटों वाली संसद के लिए हुए चुनाव में लिबरल पार्टी ने 184 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल किया। 43 वर्षीय जस्टिन ट्रूडो कनाडा के दूसरे सबसे कम उम्र के पीएम होंगे। जीत के बाद जस्टिन ने खुशी में एयरपोर्ट पर भांगड़ा किया।
पहली बार जीते 19 भारतीय
सांसद दीपक ओबराय सातवीं बार चुनाव जीते। निवर्तमान मंत्री टिम उप्पल ने अपनी सीट बरकरार रखी। लिबरल पार्टी के दर्शन कंग ने कैलगरी स्काईव्यू में ऐतिहासिक जीत हासिल की। भारतीय मूल के अन्य विजयी उम्मीदवारों के नाम हैं- राज ग्रेवाल, कमल खेड़ा, रूबी सहोता, सोमिया सिद्धू, नवदीप बैंस, गगन सिकंद, राज सैनी, बर्दिश चाग्गर, बॉब सरोया, यासमीन रतनसी, चंद्र आर्य, हरजीत सज्जन, जसवीर संधू, सुख धालीवाल, रमेश सांघा और जति सिद्धू।
पीएम मोदी ने दी बधाई
जीत हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जस्टिन ट्रूडो को बधाई दी। अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि हम कनाडा के साथ करीबी संबंधों को उच्च प्राथमिकता देते हैं। भारतीय प्रवासियों के जरिए हम समृद्ध लोकतंत्र और समग्रता के एक मजबूत रिश्ते को साझा करते हैं।
Latest World News