वाशिंगटन: बीते शुक्रवार अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सैन डियागो शहर में हुई रैली के बाद संघर्ष भड़क उठा। पोलिटिको की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन के बाद ट्रंप के समर्थकों और प्रदर्शनकारियों में झड़प शुरू हो गई और पानी की बोतलों से लेकर अंडे तक फेंके गए। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पाया। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ट्रंप विरोधियों की संख्या करीब 7,000 थी, जो उनके समर्थकों से कहीं अधिक थी। ट्रंप समर्थक और विरोधी एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों और रिपोर्टरों को पीछे घकेल रहे थे, जिसके कारण कई लोग गिर गए। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों पर पेपर स्प्रे भी छोड़ा।
ट्रंप ने इस घटना के बाद सैन डियागो पुलिस विभाग को भेजे संदेश में प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए अधिकारियों की सराहना की। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, "हमारे शांतिपूर्ण और सफल रैली को बाधित करने की कोशिश करनेवाले ठगों से निपटने के लिए पुलिस ने शानदार काम किया है। इसकी सराहना होनी चाहिए।"
Latest World News