वाशिंगटन: डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार की प्रबल दावेदार हिलेरी क्लिंटन के इंडियन-अमेरिकन समर्थकों ने हिलेरी के समर्थन में एक राष्ट्रव्यापी समूह बनाया है, जिसका उद्देश्य उनकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के पक्ष में खड़ा होना है।
खुद को राष्ट्रव्यापी जमीनी स्वयंसेवी संगठन इंडियन-अमेरिकन्स फॉर हिलेरी (आईएएफएच) समूह ने कल कहा कि वह 24 अप्रैल को वाशिंगटन डीसी में मैरीलैंड के गैथर्सबर्ग में अपना शुरूआती कार्यक्रम आयोजित करेगा। वेबसाइट पर कहा गया कि हिलेरी क्लिंटन के लिए अमेरिका में रह रहे लाखों भारतीय अमेरिकियों का समर्थन हासिल करना महत्वपूर्ण है, ताकि हिलेरी को हमारी अगली राष्ट्रपति बनाने के लिए बाहर निकलकर वोट करें। मुख्य रूप से इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह संगठन बनाया गया है।
उधर, अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी में प्रत्याशी की दौड़ में शामिल बर्नी सैंडर्स का कहना है कि उनकी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति पद के योग्य ही नहीं है। उन्होंने फिलाडेलफिया में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा था, "हिलेरी थोड़ी बेचैन दिख रही हैं। वह कहती हैं कि मैं राष्ट्रपति पद के योग्य नहीं हूं, लेकिन मेरा जवाब है कि वह इस पद के योग्य नहीं हैं।"
ग़ौरतलब है कि सैंडर्स ने विस्कॉन्सिन राज्य में हुए प्राइमरी चुनाव में हिलेरी को हरा दिया था। इस दौरान सैंडर्स को 54 प्रतिशत और हिलेरी को 46 प्रतिशत वोट मिले थे। सैंडर्स ने हिलेरी के संबंध में कहा था, "मुझे नहीं लगता कि वह इस पद के योग्य हैं, क्योंकि उन्होंने इराक युद्ध को सहमति दी थी और हर उस व्यापारिक समझौते का समर्थन किया, जिसके कारण हमारे लाखों नागरिकों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा।"
Latest World News