1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में शरीफ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की योजना

अमेरिका में शरीफ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की योजना

वाशिंगटन: हिंदू समूहों समेत कई संगठन पाकिस्तान में होने वाले मानवाधिकारों एवं धार्मिक अधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में व्हाइट हाउस के बाहर उस समय शांतिपूर्ण रैलियां आयोजित करके प्रदर्शन करेंगे, जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री

अमेरिका में शरीफ के...- India TV Hindi
अमेरिका में शरीफ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की योजना

वाशिंगटन: हिंदू समूहों समेत कई संगठन पाकिस्तान में होने वाले मानवाधिकारों एवं धार्मिक अधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में व्हाइट हाउस के बाहर उस समय शांतिपूर्ण रैलियां आयोजित करके प्रदर्शन करेंगे, जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से 22 अक्तूबर को मुलाकात करने के लिए यहां आएंगे। मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट और सिंधी समुदाय के सदस्य कराची और सिंध में होने वाले मानवाधिकार उल्लंघनों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे, वहीं फ्री बलूचिस्तान कैंपेन की योजना बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जाने वाले अत्याचारों के खिलाफ प्रदर्शन करने की है।

कई हिंदू-अमेरिकी पाकिस्तान के भीतर आतंकवाद की मौजूदा शरणस्थलियों को लेकर शरीफ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे अमेरिका से अपील करेंगे कि वह पाकिस्तान को आर्थिक मदद देना बंद कर दे। द वल्र्ड हिंदू काउंसिल ऑफ अमेरिका और हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन HAF ने अन्य धार्मिक समूहों के साथ ओबामा से अपील की है कि वह शरीफ के साथ अपनी मुलाकात के दौरान पाकिस्तान में धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघनों का मुद्दा उठाए। समूह ने शरीफ के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की योजना भी बनाई है।

फ्री बलूचिस्तान कैंपेन यूएसए ने एक बयान में कहा कि उसकी रैली का उद्देश्य पाकिस्तान के युद्ध अपराधों और बलूचिस्तान में मानवता के विरूद्ध जारी अपराधों के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है। बयान के अनुसार, फ्रांस के आकार के इस क्षेत्र पर पाकिस्तान ने मार्च 1948 से अवैध कब्जा किया हुआ है। फ्री बलूचिस्तान कैंपेन यूएसए के अहमार मुस्तिखान ने कहा, प्रेस की खबरों के अनुसार, शरीफ के साथ आने वाले समूह में बलूचिस्तान के पूर्व कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नसीर जंजुआ हैं, जो कि बलूचिस्तान में युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रमुख सूत्रधार हैं। सिंधी फाउंडेशन के सूफी लघारी ने एक बयान में शरीफ से अपील की कि वह सिंध में हाफिज सईद और उसके संगठन की गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में तत्काल कदम उठाएं।

लघारी ने कहा, मैं ओबामा प्रशासन से अपील करना चाहूंगा कि वह पाकिस्तान को गैर-मानवीय मदद उपलब्ध करवाने के लिए वहां मानवाधिकारों की स्थिति में सुधार और हाफिज सईद के संगठनों जैसे जिहादी नेटवर्कों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की शर्त रखे। हाल के दशकों में यह संभवत: पहली बार है, जब अमेरिका आने वाले किसी पाकिस्तानी नेता को वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के सामने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ेगा। आम तौर पर वाशिंगटन डीसी में पाकिस्तानी नेताओं का विशेष स्वागत किया जाता है।

 

 

Latest World News