वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने विश्वभर के इस्लामी नेताओं से आतंकी संगठन आईएसआईएस और इसकी विचारधारा के खिलाफ बोलने की अपील करते हुए कहा कि आईएसआईएस इस्लाम की बात नहीं करता है। ओबामा ने ओवल कार्यालय से राष्ट्र को अपने दुर्लभ संबोधन में देशवासियों से भी यह अपील की कि वे धर्म के आधार पर लोगों के खिलाफ भेदभाव न करें। कैलिफोर्निया के सान बर्नार्डिनो में एक कट्टपंथी दंपति द्वारा की गई गोलीबारी में 14 लोगों के मारे जाने के बाद से अमेरिका में रह रहे मुस्लिमों को लोगों के गुस्से का शिकार होने का डर है।
ओबामा ने इस घटना को आतंकवादी करतूत करार दिया
राष्ट्रपति ने दो संदिग्धों- पाकिस्तानी नागरिक ताशफीन मलिक और पाकिस्तानी मूल के उसके पति सैयद रिजवान फारूक का जिक्र करते हुए कहा, अभी तक इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि हत्यारों को विदेशों में स्थित किसी आतंकवादी संगठन ने ऐसा करने का निर्देश दिया था या वे यहां अमेरिका में किसी बड़े षड़यंत्र का हिस्सा थे। ओबामा ने कहा, लेकिन यह स्पष्ट है कि उन दोनों ने इस्लाम की उस गलत व्याख्या को अपनाकर कट्टरपंथ के अंधकारमय मार्ग पर चलना शुरू कर दिया था जो अमेरिका और पश्चिम के खिलाफ युद्ध की अपील करती है। उन्होंने असॉल्ट हथियार, गोला बारूद और पाइम बम एकत्र किए थे इसलिए यह एक आतंकवादी कृत्य था जिसका उद्देश्य निर्दोष लोगों की हत्या करना था।
ओबामा ने आईएसआईएस के खिलाफ जमीनी सेनाएं भेजने की संभावनाएं खारिज की
इस्लामिक स्टेट को नष्ट कर देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि जो भी आतंकी संगठन अमेरिका के लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, अमेरिका उसे नष्ट कर देगा। हालांकि ओबामा ने अफगानिस्तान और इराक की तरह व्यापक स्तर पर जमीनी सेनाएं भेजने की संभावनाओं को खारिज कर दिया। व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस से राष्ट्र के नाम दिए गए दुर्लभ संबोधन में ओबामा ने कहा कि आईएसआईएस को नष्ट करने की उनकी रणनीति को अमेरिकी सेना के कमांडरों और आतंकवाद रोधी विशेषग्यों ने तैयार किया है। इस रणनीति को अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल 65 देशों का समर्थन प्राप्त है। ओबामा ने कहा कि आतंकवाद का खतरा वास्तविक है लेकिन अमेरिका इससे निपट लेगा। उन्होंने कहा, हम आईएसआईएल :आईएसआईएस का अन्य नाम: और हर उस संगठन को नष्ट कर देंगे, जो हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा।
Latest World News