1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ओबामा से अमेरिकी सेना में सिखों पर लगे प्रतिबंध हटाने की अपील

ओबामा से अमेरिकी सेना में सिखों पर लगे प्रतिबंध हटाने की अपील

जाने-माने सिख-अमेरिकी संगठन ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से अपील की है कि वे सिखों को अमेरिकी सेना में बिना किसी प्रतिबंध के सेवाएं देने की अनुमति दें।

US Army Sikh- India TV Hindi
US Army Sikh

वाशिंगटन: जाने-माने सिख-अमेरिकी संगठन ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से अपील की है कि वे सिखों को अमेरिकी सेना में बिना किसी प्रतिबंध के सेवाएं देने की अनुमति दें। सिख काउंसिल ऑन रिलीजन एंड एजुकेशन के अनुसार, इस अपील के जवाब में ओबामा ने इस मामले पर गौर करने का वादा किया है। काउंसिल के अध्यक्ष राजवंत सिंह ने बुधवार को ओबामा से व्हाइट हाउस में मुलाकात की और उन्हें कहा कि वे सिखों को अमेरिकी सशस्त्र बलों में बिना किसी प्रतिबंध के सेवाएं देने की अनुमति दें।

सिंह और उनकी पत्नी को अमेरिका के प्रथम परिवार ने हॉलिडे रिसेप्शन पर व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया था। सिंह ने राष्ट्रपति से कहा, आपको सिखों को सेना में बिना किसी प्रतिबंध के सेवाएं देने की अनुमति देनी है। वे तभी अपनी सेवाएं दे सकते हैं, जब पेंटागन उन्हंे कुछ छूट देता है। ऐसा होना ही चाहिए। कृपया सिखों के खिलाफ लगे इस प्रतिबंध को हटाए बिना आप पद न छोड़ें। एक विग्यप्ति में ओबामा के हवाले से कहा गया, सिख महान योद्धा हैं। मैं मामले पर गौर करूंगा और फिर बताउंगा।

सिंह ने ओबामा से यह भी कहा कि कनाडा में एक पगड़ीधारी सिख रक्षा मंत्री पद पर तैनात है। राष्ट्रपति ने इस बात को स्वीकारा। इस माह की शुरूआत में, अमेरिकी सेना में एक सक्रिय लड़ाकू जवान के तौर पर तैनात सिख को एक दुर्लभ अपवाद के तहत, अस्थायी रूप से धार्मिक रियायत दी गई थी। इसके चलते उसे दाढ़ी बढ़ाने और पगड़ी पहनने की अनुमति मिल गई थी।

Latest World News