वाशिंगटन: अमेरिका में जिस मुस्लिम लड़के की बनाई हुई घड़ी को उसके शिक्षक ने भूलवश बम समझ लिया था उस लड़के का व्हाइट हाउस में स्वागत किया गया। बम बनाने के आरोप में हिरासत में लिया गया अहमद मोहम्मद छात्रों, शिक्षकों, वैज्ञानिकों, खगोलविदों और जानी मानी हस्तियों के उस समूह में शामिल था जिसे राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कल व्हाइट हाउस एस्ट्रोनॉमी नाइट के लिए कल आमंत्रित किया था। मोहम्मद को इस साल के शुरू में उम्मीद थी कि उसकी बनाई हुई घड़ी से उसके टैक्सास स्कूल के शिक्षक प्रभावित हो जाएंगे। लेकिन इसके बजाय स्कूल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। घटना के बाद हाथ में हथकड़ी तथा अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के लोगो वाली टीशर्ट पहने मोहम्मद की फोटो कुछ ही घंटे में हजारों बार रीट्वीट कर दी गई और ट्विटर पर हैशटैगस्टैंडविदअहमद ट्रेंड करने लगा।
बहरहाल, स्थिति स्पष्ट हो गई और मोहम्मद बरी कर दिया गया। उसके शिक्षक भले ही उससे प्रभावित न हुए हों लेकिन ओबामा उससे जरूर प्रभावित हो गए जिन्होंने उसके कौशल के लिए उसे बधाई दी। ओबामा की बधाई को इस्लामोफोबिया के आरोपों के बीच स्कूल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के लिए सांकेतिक फटकार के तौर पर देखा जा रहा है। ओबामा ने ट्वीट किया कूल क्लॉक अहमद, क्या इसे व्हाइट हाउस लाना चाहते हैं ? हमें आप जैसे और बच्चों को विग्यान में दिलचस्पी लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
Latest World News