मियामी: अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में डोनाल्ड ट्रंप से संभावित सामने के लिए तैयार होते हुए पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने आज रिपब्लिकन पार्टी के इस विवादित किंतु प्रमुख दावेदार के प्रचार के अमेरिका को फिर से महान बनाने वाले नारे पर हमला बोलते हुए कहा कि इस देश ने कभी अपनी महानता नहीं खोई है। आत्मविश्वास से लबरेज हिलेरी क्लिंटन ने विभिन्न राज्यों में सुपर ट्यूजडे या मंगल के महादंगल में बड़ी जीत हासिल करने के बाद फ्लोरिडा में अपनी जीत के भाषण में कहा, हम जानते हैं कि हमें काम करना है लेकिन वह काम, अमेरिका को एक बार फिर महान बनाने का नहीं है। अमेरिका ने कभी अपनी महानता नहीं छोड़ी। हमें अमेरिका को परिपूर्ण बनाना है। हमें उस खाली स्थान को भरना है, जिसे खोखला कर दिया गया है।
हिलेरी ने कुल सात राज्यों- अलास्का, अरकंसास, जॉर्जिया, टेनेसी, टेक्सास, मेसाचुसेट्स और वर्जीनिया में जीत हासिल की है। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स ने चार राज्यों- वर्मोंट, ओकलाहोमा, कोलोरेडो और मिनेसोटा में जीत की तस्वीरें पोस्ट कीं। हिलेरी ने कहा, हमें टूटे हुए स्थानों को मजबूत बनाना है, देश भर में विश्वास एवं सम्मान के संबंधों को वापस जोड़ना है। अपने प्रशंसकों की तालियों की गड़गड़ाहट में 68 वर्षीय हिलेरी ने कहा, अब यह असाधारण हो सकता है। मैंने ऐसा पहले भी कहा है। राष्ट्रपति उम्मीदवारी के दावेदार का ऐसा कहना। लेकिन मैं यह कहती रहूंगी, मेरा मानना है कि आज हमें अमेरिका में ज्यादा प्यार और दया की जरूरत है।
Latest World News