1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. क्रूज ने फिओरिना को घोषित किया अपना रनिंग मेट

क्रूज ने फिओरिना को घोषित किया अपना रनिंग मेट

टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूज ने पूर्व मुख्य कार्यकारी कार्ली फिओरिना को उप राष्ट्रपति पद की दावेदारी के लिए अपना रनिंग मेट घोषित किया है।

Ted Cruz- India TV Hindi
Ted Cruz

वाशिंगटन: टेक्सास के सीनेटर टेड क्रूज ने पूर्व मुख्य कार्यकारी कार्ली फिओरिना को उप राष्ट्रपति पद की दावेदारी के लिए अपना रनिंग मेट घोषित किया है। आपको बता दें कि प्राइमरी सीजन में दौड़ से बाहर हो चुकीं फिओरिना इससे पहले स्वयं राष्ट्रपति पद की दावेदार थीं। समीक्षकों का मानना है कि फिओरिना का नाम आगे करने से टी पार्टी के पसंदीदा क्रूज को इंडियाना राज्य में अगले प्राइमरी में ट्रम्प को हराने के लिए जरूरी गति हासिल होगी।

फिलहाल 400 से अधिक डेलीगेट के समर्थन के साथ क्रूज ट्रम्प से पीछे चल रहे हैं और अगले सप्ताह इंडियाना में जीत से न्यूयार्क के अरबपति डोनाल्ड ट्रम्प जीओपी राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने के लिए जरूरी 1237 डेलीगेट का समर्थन पाने के बेहद करीब पहुंच जाएंगे। क्रूज ने कल इंडियानापोल्स में एक रैली के दौरान कहा, कार्ली बहुत प्रतिभावान और सक्षम हैं।

एक महिला पेशेवर होने के नाते उन्होंने काफी मेहनत और संघर्ष का अनुभव किया है। उप राष्ट्रपति पद के लिए रनिंगमेट चुनी गईं फिओरिना ऐसी पहली महिला नहीं हैं। वर्ष 2008 के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के दावेदार सीनेटर जॉन मैककेन ने अलास्का की तत्कालीन गवर्नर साराह पॉलिन को उप राष्ट्रपति पद के लिए अपना रनिंग मेट घोषित किया था।

क्रूज ने कहा, 13 महीने की इस दौड़ में एक ऐसे सिद्ध, दृढ़, साहसी लड़ाके की जरूरत है जो हिलेरी के साथ साथ हमारे दुश्मनों में भी डर पैदा कर सके और इसलिए मैं बहुत गर्व के साथ फिओरिना को उप राष्ट्रपति पद के लिए अपना रनिंग मेट घोषित करता हूं। अपनी टिप्पणी में फिओरिना ने कहा कि देश का नेतृत्व करने के लिए फिलहाल क्रूज सबसे बेहतर हैं।

Latest World News