न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। पाकिस्तान को एक ट्वीट में 'धोखेबाज' और 'झूठा' करार देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों में अमेरिका ने पाकिस्तान को 33 अरब डॉलर (लगभग 2 लाख 10 हजार करोड़ रुपये) दिए, लेकिन उसने बदले में झूठ और धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया। इसके बाद ट्रंप ने कहा, 'अब और नहीं'। ट्रंप के इस ट्वीट के बाद माना जा रहा है कि अमेरिका पाकिस्तान पर अब काफी सख्त रुख अपनाएगा।
ट्रंप ने अपने ट्वीट में लिखा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका ने पिछले 15 सालों में मूर्खतापूर्ण तरीके से पाकिस्तान को 33 अरब डॉलर से ज्यादा की सहायता दी है, लेकिन बदले में उन्होंने हमारे नेताओं को मूर्ख समझते हुए हमें झूठ और धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया। जिन आतंकवादियों को हम अफगानिस्तान में तलाश रहे हैं, उन्हें पाकिस्तान ने अपने यहां सुरक्षित आश्रय दे रखा है। अब और नहीं।' ट्रंप का यह ट्वीट इसलिए भी पाकिस्तान के लिए एक कड़ी चेतावनी है क्योंकि हाल ही में अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने काबुल में कहा था कि अमेरिका ने पाकिस्तान को नोटिस पर रखा है।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा था कि अपनी सरजमीं पर तालिबान और दूसरे आतंकी संगठनों को ठिकाना उपलब्ध कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को नोटिस पर रखा है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस की यह टिप्पणी उनकी अघोषित अफगानिस्तान यात्रा के दौरान सामने आई थी। पेंस की इस टिप्पणी पर पाकिस्तान ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सहयोगी एक-दूसरे को नोटिस पर नहीं रखते।
Latest World News