1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डिज्नी से बर्खास्त कर्मचारियों ने किया ट्रंप का समर्थन

डिज्नी से बर्खास्त कर्मचारियों ने किया ट्रंप का समर्थन

मनोरंजन जगत की दिग्गज कंपनी डिज्नी की ओर से निकाले गए दो पूर्व कर्मचारियों ने एक चुनावी रैली में राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है।

donald trump- India TV Hindi
donald trump

वाशिंगटन: मनोरंजन जगत की दिग्गज कंपनी डिज्नी की ओर से निकाले गए दो पूर्व कर्मचारियों ने एक चुनावी रैली में राष्ट्रपति पद की रिपब्लिकन उम्मीदवारी के प्रमुख दावेदार डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है। इन दोनों ने आरोप लगाया है कि देशभर में अमेरिकी कर्मचारियों की जगह कम वेतन वाले एच-1बी कर्मचारी ले रहे हैं।

डिज्नी से निकाले गए आईटी इंजीनियर लियो परेरो ने रविवार को अलबामा में ट्रंप की चुनावी रैली के दौरान कहा, डिज्नी ने हम जैसे सैकड़ों लोगों को निकाल दिया। डिज्नी में ऐसी स्थिति कोई अलग बात नहीं है। देशभर में ऐसा हो रहा है। पिछले सप्ताह एच-1बी वीजा पर कांगे्रस समिति के समक्ष हुई सुनवाई में परेरो ने कहा कि उन्होंने एच-1बी वीजा कर्मचारियों के कारण नौकरियां खोई हैं।

शुक्रवार को कांग्रेस की सुनवाई के दौरान शीर्ष अमेरिकी सांसदों ने चर्चित एच-1बी वीजा कार्यक्रम की आलोचना की और उन कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जो इसका दुरूपयोग करते हुए अमेरिकियों के स्थान पर कम वेतन वाले विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त कर रही हैं। इन विदेशी कर्मचारियों में भारतीय कर्मचारी भी शामिल हैं।

रैली में अन्य पूर्व कर्मचारी डीना मूरे ने कहा कि उन्हें उनकी ही जगह लेने वाले एक एच-1बी वीजा धारक को प्रशिक्षित करने के लिए विवश किया गया ताकि वे लोग धन बचा सकें।

डीना ने कहा, सिर्फ हमारी नौकरियां ही विदेशियों को नहीं दी जा रहीं, वे हम अमेरिकियों से हमारे भविष्य और हमारे सपने भी छीन रहे हैं। प्रवासियों को रोकने और गैर-अमेरिकियों को नौकरियां देने पर रोक लगाने का संकल्प लेने वाले ट्रंप की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ट्रंप में जो बात दूसरे किसी भी व्यक्ति से अलग है, वह यह है कि उन्हें खरीदा नहीं जा सकता। हमारे पास अमेरिका में इस समस्या पर रोक लगाने का अवसर है।

Latest World News