वाशिंगटन: पेंटागन में लगातार तीसरे साल वैशाखी का त्योहार मनाया गया, इससे यह संकेत देने की कोशिश की गई है कि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय में काम करने वालों को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता देने को बहुत महत्व दिया जाता है। इस मौके पर पेंटागन चप्लैन केनेथ आर विलियम्स ने पीटीआई भाषा से कहा, यह महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिका का रक्षा मंत्रालय अपने कर्मियों को धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने को बहुत महत्व देता है।
पेंटागन में वैशाखी मनाकर खुश है भारतीय समुदाय
अमेरिकी सशस्त्र बल में अपने धार्मिक प्रतीकों को बरकरार रखते हुए सेवा प्रदान करने का अवसर पाने वाले कुछ सिखों में से एक मेजर कमल कल्सी ने कहा, हम यहां पेंटागन में वैशाखी मनाकर काफी गौरान्वित हैं। इस दिन केवल सिख समुदाय का जन्म ही नहीं हुआ, बल्कि इसी दिन गुरू गोबिंद सिंह ने सिख सैनिक और योद्धा बनने का मार्ग भी दिखाया था।
पर्व मनाने में सहयोग देने के लिए पेंटागन चप्लैन कार्यालय का किया शुक्रिया
कल्सी ने पेंटागन चप्लैन के कार्यालय का भी शुक्रिया अदा किया। कार्यालय ने वैशाखी का पर्व मनाने में काफी सहयोग दिया। वैशाखी पंजाब में फसल कटाई के पर्व के तौर पर मनाया जाता है। खास बात यह है कि पेंटागन में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को अपने त्योहार मनाने की पूरी आज़ादी दी जाती है।
Latest World News